मणप्पुरम गोल्ड लोन कर्मियों पर सोना हड़पने का आरोप!
786.7 ग्राम नकली सोना रखकर खेल किया
- विकास नगर थाने में पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
लखनऊ। मणप्पुरम गोल्ड लोन फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने शाखा में गारंटी के लिए रखा गोल्ड का पैकेट बदलकर कर नकली 786.7 ग्राम सोना रख दिया। जिसकी कीमत करीब 43.34 लाख रुपए है। इसकी जानकारी पर एरिया हेड ने विकास नगर थाने में पांच कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। एरिया हेड शुभम देय के मुताबिक उनकी कंपनी की देश में करीब 35 सौ से अधिक शाखाएं चल रही है। इसका मुख्यालय केरल में है। हमारी कंपनी ग्राहकों से गोल्ड रखकर लोन के तौर पर रुपए देती है। लखनऊ में विकास नगर सांई प्लाजा में स्थित शाखा है।
जिसमें ब्रांच हेड के पद पर रायबरेली निवासी अनुराग सिंह, प्रतापगढ़ काशीपुर निवासी सहायक ब्रांच हेड सतीश सिंह, प्रतापगढ़ भीठी निवासी जूनियर स्टाफ अमन सिंह काम करते हैं। इन लोगों ने मिलकर ग्राहकों के लोन लेने के दौरान रखा गया सोना बदलकर नकली रख कर धोखाधड़ी की है।
एरिया हेड शुभम देय ने बताया कि 11 फरवरी 2025 को ग्राहक गोरखपुर वालापार निवासी अमित कुमार त्रिपाठी ने लोन का पैसा अदा कर अपना गोल्ड वापस मांगा। जब बैंक मैनेजर ने गोल्ड का पैकेट दिया, तो उन्होंने कहा कि यह गोल्ड मेरा नहीं है। यह नकली है। जिसकी जानकारी बैंक अधिकारियों ने कंपनी को दी। जिसके बाद वहां रखे सभी गोल्ड का आडिट किया गया। जिसमें पाया गया कि तीन लोगों का गोल्ड वजन 786.7 ग्राम नकली रखा गया है। जिसकी कीमत 43.34 लाख रुपए है। जो ग्राहक राहुल नंदा, विवेक और अमित कुमार त्रिपाठी का था। ऑडिट में पाया गया कि इसमें पूर्व ब्रांच हेड अनुराग सिंह, पूर्व सहायक ब्रांच हेड सतीश सिंह और पूर्व जूनियर स्टाफ अमन सिंह के साथ वर्तमान में नियुक्त ब्रांच हेड पंकज ?द्विवेदी और सहायक ब्रांच हेड सोमनाथ यादव का हाथ है।
जांच में सामने आया कि इन लोगों ने गोल्ड के पैकेटों में ऑडिटर के लगाये गए स्टीकर को बारीकी से काटकर उन पैकेटों का असली सोने के आभूषण निकालकर नकली गोल्ड के जेवर पैकेट में रख दिए। हालांकि इसकी बैंक में लगे सीसीटीवी में फुटेज नहीं मिली है। एरिया हेड ने बताया कि ग्राहकों का सोना बैंक में रखी सेफ में रखा जाता है। जिसमें हर ग्राहक के पैकेट पर स्टीकर भी लगाया जाता है। सेफ की दो चाभी होती हैं। जिसमें एक चाभी ब्रांच हेड और दूसरी चाभी सहायक ब्रांच हेड के पास होती है। सेफ दोनो चाभियां लगाने पर ही खुलती है।
शाखा के ब्रांच हेड और सहायक ब्रांच हेड के छुट्टी पर जाने पर एक चाभी जूनियर स्टाफ को दी जाती है। ब्रांच के हेड अनुराग सिंह 11 जुलाई 2023 से एक जनवरी 2025 तक, सहायक ब्रांच हेड सतीश सिंह 14 मार्च 2024 से एक जनवरी 2025 तक और जूनियर स्टाफ अमन सिंह 17 नवंबर 2023 से 28 दिसंबर 2024 इस ब्रांच में काम किया। अनुराग सिंह ने 7 दिसंबर 2024 को कंपनी को इस्तीफा भेजा। इस पर कंपनी ने 13 दिसंबर 2024 को नए ब्राच हेड पंकज द्विवेदी को पोस्ट किया। जिन्होंने 18 दिसंबर 2024 को ज्वाइन किया। जिसके बाद ब्रांच की एक चाभी जूनियर स्टाफ अमन सिंह को दी गई थी। ब्रांच के गोल्ड पैकेट की आडिट 11 नवंबर 2024 से 25 नंबर 2024 तक किया गया। परीक्षण के समय सभी पैकेटों का गोल्ड सही पाया गया था।
टिप्पणियां