26 लाख के गेहूं घोटाले के फरार 3 आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ। यूपी के जनपद श्रावस्ती में वर्ष 2018-19 के रबी सत्र में गेहूं खरीद में हुए लगभग 27 लाख रुपये के घोटाले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्लू), उत्तर प्रदेश की टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के नाम मोतीलाल यादव पुत्र रामप्रकाश, राजकुमार गुप्ता पुत्र छोटकन गुप्ता तथा सच्चिदानंद शुक्ला पुत्र अश्विनी कुमार शुक्ला है। आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर एक महिला उपभोक्ता सहकारी समिति का गठन किया था।
समिति के सचिव और केन्द्र प्रभारी ने किसानों से सीधे गेहूं या धान खरीदने के बजाय बिचौलियों से खरीद की। ये बिचौलिए किसानों से कम दामों पर अनाज खरीदते और फिर समिति को ऊँचे दाम पर बेचते थे। सरकार द्वारा किसानों को दी जाने वाली सब्सिडी सीधे इन बिचौलियों के खातों में चली जाती थी, जिससे किसानों को लाभ नहीं मिल सका। इसके अतिरिक्त, फर्जी 06-आर रसीदों के जरिए अनाज खरीद की झूठी एंट्री दिखाई गई।
इस घोटाले से सरकार को लगभग 26 लाख रुपये की क्षति पहुंचाई गई। मामले में थाना इकौना, जनपद श्रावस्ती में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। विवेचना में कुल 12 अभियुक्त दोषी पाए गए थे, जिनमें से तीन आरोपी कई वर्षों से फरार चल रहे थे।आज ईओडब्ल्यू की टीम ने गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया।
टिप्पणियां