बीबीएयू को मिली एनिमल हाउस की मान्यता
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ को भारत सरकार के मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के अधीन पशुओं पर प्रयोगों की निगरानी और नियंत्रण समिति से अपने एनिमल हाउस के लिए पंजीकरण प्राप्त हो गया है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने औपचारिक रूप से अपनी संस्थानिक पशु नैतिकता समिति का भी गठन कर लिया है, जो इसके अनुसंधान क्षमताओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
यह उपलब्धि आईएईसी के अध्यक्ष एवं फार्मास्युटिकल साइंसेज विभाग के विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. पी.एस. रजनीकांत, डॉ. विकास मिश्रा, सदस्य सचिव तथा समिति के अन्य सदस्यों प्रो. आभा मिश्रा एवं प्रो. वी. एलांगोवन के निरंतर प्रयासों और समर्पण का परिणाम है। इस पंजीकरण के साथ बीबीएयू को अब प्रयोगशाला पशुओं मुख्यत: चूहों पर राष्ट्रीय नैतिक दिशा-निर्देशों के अनुरूप वैज्ञानिक प्रयोग करने की अनुमति मिल गई है। यह पंजीकरण न केवल फार्मास्युटिकल साइंसेज में उन्नत अनुसंधान को बढ़ावा देगा, बल्कि जीवन विज्ञान के अन्य क्षेत्रों को भी लाभान्वित करेगा।
टिप्पणियां