पूर्व मंत्री आबिद रजा, चेयरपर्सन फात्मा ने किया पौधारोपण
बदायूं। बुधवार को पूर्व मंत्री आबिद रजा और चेयरपर्सन फात्मा रजा ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने पट्टिका लगाकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और लोगों से अपील की कि वे न केवल पौधे लगाएं, बल्कि उनकी देखभाल कर संरक्षण का दायित्व भी निभाएं।
पूर्व मंत्री आबिद रजा ने कहा कि हमें प्राकृतिक संसाधनों व पेड़ों की रक्षा सुरक्षा करने के साथ साथ पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने चाहिए। पेड़ पौधे हमें शुद्ध वायु देते है। पौधें मनुष्यों के साथ-साथ सभी जीवों के जीने का भी सहारा हैं। बिना पेड़ों के पृथ्वी पर जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखना हम सभी की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। वायु प्रदूषण को कम करने के लिए अधिकाधिक पौधे लगाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। पौधारोपण करने के साथ साथ पौधों को बचाए रखने के लिए उनकी उचित देखभाल व समय-समय पर सिचाई भी आवश्यक रूप से की जानी चाहिये। पेड़ों की अन्धाधुंध कटाई व कमी के कारण अनेक तरह की प्राकृतिक आपदायें पृथ्वी पर विनाश मचा सकती हैं। प्राकृतिक आपदाओं तथा पर्यावरण प्रदूषण के कारण होने वाली परेशानियों को रोकने के लिए हमे ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने चाहिए।
चेयरपर्सन फात्मा रजा ने कहा कि हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भाव रखते हुए उसकी रक्षा के लिए निरंतर जागरूक रहना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उसका संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति के जीवनदायक मूल्यों से जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर इस लोक कल्याणकारी मुहिम को सफल बनाए।
टिप्पणियां