चित्तौड़गढ़ में बाइक शोरूम में भभकी आग, 60 बाइक जली
एक करोड़ के नुकसान का अनुमान
चित्तौड़गढ़ । जिले के कपासन क्षेत्र के सिंहपुर गांव में राज मार्ग पर स्थित बाइक के शो रूम में आग लग गई। इस आग में शोरूम में रखे 60 नए दुपहिया वाहन के अलावा एसेसरीज भी जल गई। आग इतनी भीषण थी कि शोरूम भवन के अलावा आस-पास की दुकानों में भी नुकसान पहुंचा है। इस आग में करीब एक करोड़ के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। आगजनी की सूचना पर कपासन थाना पुलिस रात को ही मौके पर पहुंच गई और हालात की जानकारी ली।
जानकारी में सामने आया कि चित्तौड़गढ़-उदयपुर वाया कपासन राजमार्ग पर सिंहपुरा गांव में आग लगने की घटना हुई। सिंहपुर में राज मार्ग के पास कन्हैयालाल आचार्य का दुपहिया वाहन का आचार्य हीरो शो रूम है। इसमें अज्ञात कारणों से आग लग गई। लगभग पौने तीन बजे शो रूम से आग की लपटे निकलने पर पड़ोसियों को इसका पता लगा। इसकी जानकारी पड़ोसियों ने शोरूम मालिक कन्हैयालाल आचार्य के साथ ही भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष दिनेश पाराशर को दी गई। इस पर पाराशर ने कपासन थाने में एसएचओ रतन सिंह को फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद पौने चार बजे कपासन नगर पालिका से दमकल पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग और तेजी से फैली। इसके बाद में चित्तौड़गढ़ में हिन्दुस्तान जिंक व बिरला सीमेंट की भी एक-एक दमकल पहुंची।तीन दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया गया। वहीं कपासन थाने से एसएचओ रतनसिंह एएसआई भैरूलाल जाट मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। मौके पर तीनों दमकलों ने लगभग ढाई से तीन घंटे का प्रयास कर आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि शोरूम में रखी सभी 60 बाइक जल गई। इसके अलावा सर्विस सेंटर भी यहीं चल रहा था जिसमें उपकरण एवं मशीनरी भी जल गई। आग शोरूम के पास स्थित पड़ोस की दुकानों तक फैलने से रोकने में दमकल सफल रही। लेकिन भवन को जरूर नुकसान पहुंचा।
शोरूम मालिक कन्हैयालाल आचार्य ने बताया कि शोरूम में 60 से अधिक बाइक थी। वहीं उपकरण भी रखे हुवे थे। आग से करीब एक करोड़ के नुकसान का अनुमान है। आग के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना है। कपासन थाने में इसे लेकर रिपोर्ट दी जा रही है।
पहले टैंकर से किया आग बुझाने का प्रयास
इधर, जानकारी मिली कि आग रात दो बजे बाद लगी थी। पहले पड़ोसी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक आग काफी फैल गई थी। बाद में इन्होंने टैंकर की सहायता से आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन भीषण आग होने से सफल नहीं हो पाए। बाद में तीन दमकल मौके पर पहुंची लेकिन उन्हें भी आग पर काबू पाने के लिए ढाई से तीन घंटे का समय लग गया।
टिप्पणियां