अभ्यर्थियों का हंगामा,शिक्षा मंत्री का आवास घेरा
लखनऊ। जूनियर एडेड शिक्षक अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। शिक्षा मंत्री संदीप सिंह का आवास घेरकर जूनियर एडिट शिक्षक भर्ती 2021 पूरी करने की मांग की। अभ्यर्थियों का कहना है कि मंत्री झूठ बोलना बंद करें। नियुक्ति पत्र की मांग को लेकर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से अभ्यर्थी राजधानी में जमा हुए थे। उन्होंने मंंत्री आवास के बाहर 'शिक्षा मंत्री झूठ बोलना बंद करो', शिक्षा मंत्री हाय-हाय' के नारे लगाए।
अभ्यर्थी मुकेश कुमार ने कहा है कि 4 सालों से हम लोग संघर्ष कर रहे हैं। मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। 2021 में जूनियर एडेड शिक्षक भर्ती निकली थी। 4 साल से हम लोग लगातार संघर्ष कर रहे हैं। पूरे प्रदेश में लगभग 42000 अभ्यर्थी हैं जो नियुक्ति पत्र की मांग को लेकर सरकार की तरफ उम्मीद भारी नजरों से देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर 2021 को प्रदेश भर में परीक्षा कराई गई, जिसमें लगभग 3 लाख छात्र शामिल हुए थे। इसमें 42 हजार से अधिक अभ्यर्थी सफल हुए। 6 सितंबर 2022 को परिणाम जारी किया गया था। इसके बाद कुछ अभ्यर्थी कोर्ट चले गए। अभ्यर्थी मुकेश कुमार ने बताया कि 15 फरवरी 2024 को कोर्ट के द्वारा याचिकाओं को खारिज करते हुए भर्ती पूरा करने का आदेश दिया गया था।
मगर अभी तक कोर्ट के आदेश का पालन नहीं हो रहा है। इस दौरान कई बार शिक्षा मंत्री और जिम्मेदार अधिकारियों से मुलाकात कर चुके हैं। जनता दरबार में सीएम योगी से भी मुलाकात किया था। मगर अभी तक नियुक्ति पत्र नही मिला। सोनू कुमार ने बताया कि आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि लखनऊ आने के लिए घर का राशन बेचना पड़ता है। विगत 9 दिनों से निशातगंज एससीईआरटी कार्यालय पर प्रदर्शन कर रहे थे। मगर कोई सुनवाई नहीं हुई।
शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने सदन के अंदर कहा था कि यह भारती 31 मार्च 2025 तक पूरी कर देंगे। मगर अभी तक कुछ नहीं हुआ। इससे यह स्पष्ट होता है कि शिक्षा मंत्री ने सदन में झूठ बोला है। उन्होंने कहा है कि अयोध्या से आता हूं। जहां भगवान श्री राम सबका न्याय कर रहे हैं। मगर हमारा कोई न्याय नहीं करता है। परिवार में भाई और माता की तबीयत खराब है। मगर आर्थिक संकट के कारण उनका इलाज नहीं करवा पा रहे हैं। अगर नियुक्ति मिल गई होती तो इलाज करवा पाते।
टिप्पणियां