डीजे को लेकर दूल्हे के पिता और भाइयों की जमकर पिटायी, बैरंग लौटी बारात

डीजे को लेकर दूल्हे के पिता और भाइयों की जमकर पिटायी, बैरंग लौटी बारात

पलामू। डीजे को लेकर दूल्हे के पिता और भाइयों की जमकर पिटाई कर देने से शादी नहीं हो सकी और बारात बैरंग लौट गई। हालांकि मंगलवार को इस मामले में पंचायत हुई और बुधवार को दोबारा बारात ले जाकर शादी करने का निर्णय लिया गया। यह भी निर्णय हुआ कि मारपीट करने वाले शरातियों को चिन्हित कर सामने लाया जाएगा और उन्हें सामाजिक दंड लगाया जाएगा। यह मामला पलामू जिले से सटे गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के बाहाहारा गांव का है। 12 मई सोमवार की रात को यहां सुरेश सिंह के घर पर उनकी बेटी संगीता कुमारी की बारात पलामू जिले के रामगढ़ प्रखंड के काचन के पछमारा टोला से सुकराम सिंह से की गई थी। बारात पहुंचने के बाद द्वारपूजा और जयमाला का कार्यक्रम संपन्न हो गया था। बाराती नाश्ता-खाना भी कर लिए थे। शादी की तैयारी चल रही थी। इसी क्रम में शराती पक्ष से डीजे को लेकर विवाद हुआ।

गांव के शरातियों ने दूल्हे के पिता और दो भाइयों आर्मी जवान अनिल सिंह और होमगार्ड जवान उपेन्द्र सिंह की जमकर पिटाई कर दी। घटना से आक्रोशित दूल्हा और उसके परिजन शादी किए बगैर ही बारात लेकर बैरंग घर लौट गए। घटना की जानकारी जब लड़कीवालों को हुई तो वह मंगलवार को दूल्हे के घर पहुंचे और कई घंटे तक मान मनौव्वल का दौर चला। पंचायत हुई, जिसमें कई जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। निर्णय लिया गया कि बुधवार को पुनः बारात जाएगी और शादी होगी। यह भी निर्णय लिया गया की लड़की पक्ष के लोग मारपीट करने वाले शराती पार्टी को सामने लाएंगे और उन्हें सामाजिक दंड लगाया जाएगा। पहले सामाजिक दंड लगेगा, उसके बाद शादी होगी। इस पर सहमति बनने पर दूल्हा पक्ष दोबारा बारात ले जाकर शादी करने पर राजी हुआ है। यह घटना पूरे रामगढ़ प्रखंड क्षेत्र के साथ-साथ रंका के संबंधित गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

About The Author

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां