एमजीएम हादसा लापरवाही नहीं, हत्या : बड़कुंवर

एमजीएम हादसा लापरवाही नहीं, हत्या : बड़कुंवर

पश्चिम सिंहभूम। एमजीएम अस्पताल परिसर में जर्जर आवास के ढहने से तीन असहाय लोगों की मौत के बाद राज्य में हड़कंप मच गया है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए झारखंड सरकार और विशेष रूप से स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि एमजीएम हादसा लापरवाही नहीं, हत्या है।

गागराई ने साेमवार काे कहा कि यह केवल इमारत का गिरना नहीं, बल्कि व्यवस्था की जिम्मेदारियों का ढहना है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा जो सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने की बात करती है, वह तीन गरीब जिंदगियों की रक्षा तक नहीं कर पाई। यह दर्शाता है कि आम लोगों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकताओं में नहीं है।

उन्होंने मुआवजा राशि पर भी सवाल उठाए। मुआवजा राशि क्या किसी की जान लौटा सकती है। यह तो केवल दिखावटी औपचारिकता है, न्याय नहीं। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में होमगार्ड के जवान तैनात होते हैं, इसके बावजूद जर्जर भवन के आसपास कोई एहतियाती कदम नहीं उठाया गया। यह स्पष्ट करता है कि प्रशासन ने आंखें मूंद रखी थीं।

भाजपा नेता ने यह भी कहा कि शहर में कई बेघर और बेसहारा लोग ऐसे खतरनाक मकानों में मजबूरी में रहते हैं। “क्या सरकार किसी और मौत का इंतजार कर रही है। गागराई ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे जनआंदोलन छेड़ेंगे। उन्होंने अंत में सरकार से मांग की कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और पीड़ित परिवारों को न्याय मिले।

About The Author

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां