सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में बेसमेंट वार्ड बरसाती पानी में डूबा
मरीजों को ऊपर की मंजिल पर करना पड़ा शिफ्ट
दो महीने तक बेसमेंट में नहीं रखे जांएगे मरीज
गुरुग्राम। मॉनसून की पहली मूसलाधार बारिश में सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल भी पानी से लबालब हो गया। बाहर तो ठीक है, लेकिन अस्पताल की बेसमेंट में भी जलभराव हो गया। नीचे के वार्ड में काफी पानी भर गया। अस्पताल प्रशासन ने गुरुवार की सुबह वार्ड को बेसमेंट से ऊपर की मंजिल पर शिफ्ट किया। सभी मरीज वहां से निकल लिए गए। अब दो महीने तक बेसमेंट में मरीजों को नहीं भेजा जाएगा।
सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल की इमारत तो देखने में भव्य नजर आती है, लेकिन इसके चारों तरफ जमीन से पानी का रिसाव होता है। साथ ही एक कोने में सीढिय़ों के ऊपर बनी फाइबर शीट के टूटे होने के कारण ओपीडी क्षेत्र में जलभराव हो जाता है। बुधवार की शाम से लेकर गुरुवार सुबह तक हो रही बरसात से अस्पताल में ग्राउंड फ्लोर और बेसमेंट पानी से भर गये। बेसमेंट में वार्ड में काफी मरीज भर्ती हैं। पूरा वार्ड पानी-पानी हो गया। स्टाफ पानी में ही मरीजों का उपचार करता नजर आया। मरीजों को वार्ड में जलभराव होने से काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। शायद ही किसी अस्पताल में ऐसा नजारा देखने को मिले कि वार्ड ही पानी से लबालब हो। मरीजों को किसी तरह की दिक्कत ना हो, इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने उन्हें ऊपर की मंजिल पर शिफ्ट करने की योजना बनाई। गुरुवार की सुबह से ही मरीजों को शिफ्ट करने का काम शुरू कर दिया गया, ताकि बरसात से और अधिक जलभराव होने पर मरीजों को ज्यादा परेशानी ना उठानी पड़े।
दो महीने तक बेसमेंट वार्ड रहेगा बंद: डा. नीरज यादव
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डा. नीरज यादव ने बताया कि मरीजों की भलाई के लिए हमने वार्ड को बेसमेंट से ऊपर शिफ्ट किया है। बेसमेंट के वार्ड को अगले दो महीने के लिए बंद कर दिया गया है। मॉनसून सीजन खत्म होने के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा। सितंबर तक सभी मरीज ऊपर की मंजिल पर ही भर्ती किए जाएंगे। यह 30 बेड का वार्ड है, जो कि डी-प्लान के तहत बनवाया गया था। उन्होंने कहा कि अभी तक सर्जिकल व ऑर्थो का एक ही वार्ड है। बरसाती सीजन के बाद इन्हें अलग-अलग किया जाएगा। सोलह बेड का ऑर्थो वार्ड और 30 बेड का सर्जिकल वार्ड होगा।
टिप्पणियां