लोकायुक्त कार्यालय में न्यायमूर्ति ने किया पौधरोपण
लखनऊ। पौधरोपण जन आंदोलन अभियान 2025 के तहत लोकायुक्त कार्यालय, उत्तर प्रदेश में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोकायुक्त न्यायमूर्ति संजय मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यालय परिसर में पेड़ लगाए गए।
कार्यक्रम में उप लोकायुक्त शंभु सिंह यादव, दिनेश कुमार सिंह और सुरेंद्र कुमार यादव शामिल हुए। साथ ही डॉ. गैरीमा बंसल, सचिव त्रिपुरारी मिश्रा, मुख्य अन्वेषण अधिकारी राजेश कुमार और संयुक्त सचिव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। लोकायुक्त न्यायमूर्ति संजय मिश्रा ने प्राकृतिक संतुलन और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधरोपण को आवश्यक बताया। उन्होंने सभी से एक पेड़ मां के नाम अभियान में भागीदारी का आग्रह किया।
साथ ही पौधों की देखभाल और सुरक्षा पर भी जोर दिया। सचिव डॉ रीमा बंसल ने पेड़ों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पेड़ ऑक्सीजन, फल, छाया और लकड़ी जैसी जरूरी चीजें देते हैं। वे हवा और पानी को शुद्ध करते हैं। मिट्टी के कटाव को रोकते हैं और वन्यजीवों को आवास प्रदान करते हैं। इस पहल से पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने का सकारात्मक संदेश गया। कार्यक्रम में जन संपर्क अधिकारी अवनीश शर्मा भी उपस्थित रहे।
टिप्पणियां