डैम में कूदे वकील का 35 घंटे बाद गोसाईंगंज में सिठौली जेल के पास मिला शव
लखनऊ। चिनहट इलाके में शुक्रवार की रात इंदिरा डैम में कूदे वकील अनुपम तिवारी का शव मिल गया है। एसडीआरएफ की टीम को करीब 35 घंटे बाद गोसाईंगंज में सिठौली जेल के पास शव मिला। वकील को बचाने के लिए डैम में छलांग लगाने वाले भांजे शिवम उपाध्याय का शव 12 घंटे बाद शनिवार को डैम के किनारे मिल गया था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि वकील पत्नी से झगड़ा करके डैम में कूद गया। हालांकि, वकील के परिजन और साथी इस बात को नहीं मान रहे हैं। उनका कहना है कि वह कूदे नहीं, बल्कि फिसलकर डैम में गिर गए थे। उनको बचाने के लिए डैम में छलांग लगाने वाले शिवम की भी जान चली गई। दोनों को डैम में ढूंढने के लिए एसडीआरएफ के जवान और लोकल गोताखोर सक्रिय हुए। वकील के रिश्तेदार शिवम का शव घटना के करीब 12 घंटे बाद घटनास्थल से 200 मीटर दूर मिला। वहीं, वकील का शव अगले दिन करीब 35 घंटे बाद 5 किमी दूरी पर मिला।
पुलिस को सूचना मिली थी कि वकील पत्नी से झगड़े के बाद डैम में कूदा। वहीं, परिजनों का कहना है कि वह फिसलकर गिरे। कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं हुआ था। गौरतलब है कि हासेमऊ निवासी अभिषेक सिंह पुत्र जय नारायण सिंह ने पुलिस को फोन किया। उन्होंने बताया कि घर के बगल में एडवोकेट अनुपम तिवारी (37) पुत्र जितेंद्र तिवारी अपने परिवार के साथ रहते हैं। अनुपम मूल रूप से मऊ जिले नेवादा गोपालपुर गांव के रहने वाले हैं। शुक्रवार रात करीब 12 बजे पत्नी से झगड़ा हो गया। गुस्से में अनुपम घर से इंदिरा डैम पर गए और छलांग लगा दी। उनके पीछे-पीछे उनके रिश्तेदार शिवम उपाध्याय भी पहुंचे। उनको बचाने के लिए वो भी डैम में कूद गए। इसके बाद से पानी में दोनों लापता हो गए।
सूचना पर बीबीडी थाना पुलिस पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर तलाश शुरू की। 12 घंटे बाद दोपहर 12:30 बजे शिवम का शव घटनास्थल से 200 मीटर दूर मिला। अनुपम के साथी एडवोकेट देव मणि मिश्रा बताते हैं अनुपम काफी मिलनसार व्यक्ति थे। हमारे साथ में ही प्रैक्टिस करते थे। इसके अलावा हमारे मोहल्ले में भी रहते थे। शुक्रवार रात रोजाना की तरह टहलने निकले थे। टहलते हुए इंदिरा डैम के पास पहुंच गए। मोहल्ले के अन्य लोग भी आते हैं। तभी पीछे से इनके घर में रहने वाला शिवम पड़ोसी की बाइक से पहुंचा। इस दौरान अनुपम किनारे की तरफ खड़े होकर पानी देख रहे थे। तभी अचानक से उनका पैर स्लिप हो गया और वह गहरे पानी में चले गए। पीछे से भांजा बचाने कूदा, वह भी डूब गया।
मोहल्ले में सुबह सबको जानकारी हुई कि ऐसी घटना हो गई है। एडीसीपी पूर्वी पंकज सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात थाने में इंदिरा नहर में दो लोगों के डूबने की सूचना मिली थी। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लोकल गोताखोरों के अलावा एसडीआरएफ भी बचाव कार्य में लगाई गई। 5 किलोमीटर तक सर्च अभियान चलाया गया। रिश्तेदारों ने बताया कि एडवोकेट अनुपम तिवारी के दो बच्चे बेटी सानिया (5) और बेटा गंगाधर त्रिपाठी 11 महीने का है। पत्नी सोनी हाउसवाइफ हैं। पति-पत्नी के बीच झगड़े जैसी कोई बात नहीं थी। वह नहर के किनारे घूम रहे थे, पैर फिसलने से नहर में चले गए।
टिप्पणियां