दीवार फांद कर घर में घुसे चोर,चार लाख के गहने नगदी उड़ाई
लखनऊ। सरोजनी नगर में शनिवार को चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया। चोर दीवार फांदकर घर में घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर करीब 4 लाख रुपए के गहने और 20 हजार रुपए नगद ले गए।
जानकारी के मुताबिक़ चिल्लावां क्षेत्र में संदीप शर्मा अपनी मां अरुणा और बहन तन्नू के साथ रहते हैं। दोपहर 12 बजे तक तीनों अपने-अपने काम पर चले गए थे। संदीप ट्रांसपोर्ट नगर में आरटीओ ऑफिस के पास काम करते हैं। उनकी मां अरुणा चिल्लावां बाजार के पास घड़े की दुकान चलाती हैं। बहन तन्नू बदाली खेड़ा में एक ब्यूटी पार्लर में ट्रेनिंग ले रही हैं। शाम करीब 7 बजे तन्नू घर लौटी तो अलमारी का लॉक टूटा था। सारा सामान बिखरा पड़ा था। उसने तुरंत भाई और मां को सूचना दी। परिवार ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी।
संदीप के मुताबिक, उनके घर के पास काफी दिनों से मोरंग का ढेर लगा है। इसी ढेर के सहारे चोरों ने दीवार फांदी होगी। यहां अक्सर आवारा और नशेड़ी लड़के बैठते हैं। संदीप को शक है कि इन्हीं में से किसी ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों का पता लगाने में जुटी है।
टिप्पणियां