फर्जी पासपोर्ट बनवाकर जा रहा था बैंकाक, धरा गया
सरोजनीनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार, गोरखपुर का रहने वाला
- इमिग्रेशन काउंटर पर हुआ खुलासा, पूर्व में विजिट वीजा पर था गया
लखनऊ। थाईलैंड में उसका पासपोर्ट बैन होने के बाद जुगाड़ लगाकर थाईलैंड जा रहे शख्स को एयरपोर्ट गिरफ्तार किया गया है। एयर एशिया के विमान में एंट्री से पहले इमिग्रेशन काउंटर पर उसका फर्जी पासपोर्ट पकड़ा गया। चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर सोमवार रात वह बैंकॉक जाने वाला था। इमिग्रेशन काउंटर पर पासपोर्ट की जांच में पता चला कि यात्री पहले विजिट वीजा पर थाईलैंड गया था। वहां निर्धारित समय से अधिक रहने पर थाई पुलिस ने पकड़ा था। उसका पासपोर्ट बैन कर भारत वापस भेज दिया गया था।
सरोजनी नगर प्रभारी निरीक्षक राजदेव राम प्रजापति ने बताया कि पकड़े गए यात्री के पहले वाले पासपोर्ट में नाम कमलेश यादव था और पिता का नाम रामानंद था। अब उसने फर्जी पासपोर्ट बनवा लिया है। इसमें यात्री ने अपना नाम कमलेश कुमार और पिता का नाम रामानंद यादव कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि यात्री के दोनों पासपोर्ट में जन्मतिथि भी अलग-अलग पाई गई है। बैन हो चुके पासपोर्ट में जन्मतिथि 02-07- 1986 है, जबकि दूसरे पासपोर्ट में इसकी जन्मतिथि 10-05-1975 है। इसने पासपोर्ट बैन होने पर भारत आकर अपने नाम में बदलाव कर फर्जी पासपोर्ट बनवा लिया। पूछताछ में यात्री ने अपना नाम कमलेश कुमार बताया। वह गोरखपुर जिले के डेरवा स्थित लखनौरी गांव का रहने वाला है।
इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसे सरोजनी नगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कमलेश ने बताया कि वह थाईलैंड में काम करता था। बिना एंप्लॉयमेंट बीजा के काम करते पाया गया तो वहां पुलिस ने पकड़ लिया। वहां की कोर्ट ने पासपोर्ट प्रतिबंधित कर दिया था। इसके बाद अब दूसरी आईडी से टूरिस्ट वीजा पर थाईलैंड जा रहा था।
टिप्पणियां