यूपी में नदियों के किनारे लगाए जाएंगे 4.12 करोड़ पौधे
13 प्रमुख नदियों के पांच किमी. एरिया में पौधरोपण कराएगी योगी सरकार
- यमुना के समीप लगाए जाएंगे सर्वाधिक पौधे
- त्रिवेणी वन भी बसाएगी योगी सरकार
लखनऊ। योगी सरकार पौधरोपण महाभियान-2025 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश की नदियों के पांच किमी. दायरे में 4.12 करोड़ पौधे लगाएगी। यूपी की हरियाली बढ़ाने के लिए सरकार ने यह कदम भी बढ़ाया है। विगत वर्ष-2024 में नदियों के किनारे 2656 स्थलों पर 3.72 करोड़ पौधरोपण किए गए थे। यूपी से होकर गुजरने वाली 13 प्रमुख नदियों के समीप 24271.66 हेक्टेयर एरिया में पौधरोपण होगा। इन नदियों में गंगा, यमुना, सरयू, राप्ती, चंबल, छोटी गंडक, हिंडन, गोमती आदि प्रमुख हैं। वहीं सर्वाधिक पौधरोपण यमुना नदी वाले जनपदों में होंगे। प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. अरूण सक्सेना लगातार अभियान की सफलता के लिए विभागीय अफसरों से पूछताछ कर रहे हैं।
पौधरोपण महाभियान-2025 के मिशन निदेशक दीपक कुमार ने बताया कि सर्वाधिक पौधे यमुना नदीं के किनारे लगाए जाएंगे। यमुना किनारे एक करोड़ 9 लाख से अधिक पौधे लगेंगे। गंगा नदी के किनारे वाले जनपदों में 77 लाख पौधरोपण किए जाएंगे। बेतवा किनारे 53 लाख, सरयू किनारे 39.35 लाख पौधे, सई किनारे 34.25 लाख, गोमती किनारे 33.56 लाख किनारे पौधे लगाकर संवारे जाएंगे।
योगी सरकार 2025 में आयोजित महाकुम्भ की स्मृति में नदी किनारे नीम, पीपल, पाकड़ के पौधों का त्रिवेणी रोपण भी कराएगी। पौधरोपण महाभियान-2025 के मिशन निदेशक दीपक कुमार ने बताया कि नदियों के पांच किमी. एरिया में भी पौधरोपण कराया जाएगा। इसके लिए गंगा, यमुना, राप्ती, सरयू, सोन, चंबल समेत 13 नदियों के आसपास के एरिया को चिह्नित किया जा रहा है।
टिप्पणियां