कंप्यूटर क्रान्ति के जनक थे राजीव गांधी: अजय राय
पुण्यतिथि पर कांग्रेस मुख्यालय में दी श्रद्धांजलित
लखनऊ। कंप्यूटर क्रांति के जनक भारत रत्न पूर्व पीएम राजीव गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर कालिदास चौराहे पर स्थित उनकी प्रतिमा पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उपस्थित पत्रकारों के समक्ष अपनी बात रखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि युवा शक्ति में भरोसा करने वाले राजीव गांधी ने मतदान की उम्र 21 से घटाकर 18 वर्ष कर लोकतंत्र सशक्त बनाने का काम किया।
उन्होंने इस सच्चाई को हमेशा दोहराया कि युवाओं को समानता, न्याय, बंधुत्व और स्वतंत्रता के सिद्धांत पर एक सामाजिक व्यवस्था बनाने के लिए सशक्त, शिक्षित और कौशल से युक्त होना चाहिए। वह भाईचारे, सहिष्णुता और सह-अस्तित्व की भावना को बढ़ावा देने के लिए सांस्कृतिक तालमेल की जरूरत को लेकर भी गंभीर थे।
आगे बोले कि जमीनी स्तर पर लोगों को सशक्त बनाने का दृढ़ संकल्प लेकर राजीव गांधी ने 1991 के लोकसभा चुनाव के घोषणापत्र में पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने का वादा किया। जिसे बाद में कांग्रेस की सरकार बनने पर 1992 में संविधान के 73वें संशोधन से पारित किया गया। जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पंचायतों, त्रि-स्तरीय पंचायतों और नगर पालिकाओं को पर्याप्त शक्तियां, वित्तीय संसाधन और महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित करने का फैसला लिया गया।
राय ने कहा कि राजीव जी की दूरदर्शिता और नेतृत्व के अतुलनीय योगदान को कभी नहीं भुला सकता। उन्होंने सुशासित, शक्तिशाली और जीवंत राष्ट्र के रूप में भारत को आगे बढ़ाया। राजीव जी दूरगामी सोच रखने वाले ऐसे राजनेता थे, जिनके विचार और अवधारणाएं आज भी वैश्विक महत्व रखती हैं।
टिप्पणियां