हटाईं अवैध डेयरियां, दर्जनों पशु जब्त किये
लखनऊ। बुधवार पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने जोन छह के पारा में अवैध डेयरियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। इस अभियान में पुलिस बल एवं नगर निगम के प्रवर्तन दल के सहयोग से पारा क्षेत्र के भपतामऊ, बुड्ढेश्वर विहार एवं देवपुर में डेयरियों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मौके से 12 भैंस, 3 गाय, 2 पड़िया एवं 2 पड़वा बरामद किए गए। सभी पशुओं को ऐशबाग स्थित कांजी हाउस में निरुद्ध कराया गया है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि इन पशुओं को नियम अनुसार जुर्माना भरने के बाद ही छोड़ा जाएगा।
नगर निगम को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ डेरी संचालक गोबर को खुले खाली प्लॉटों में फेंक रहे हैं, जिससे क्षेत्र में गंदगी फैल रही थी। गोबर का उचित प्रबंधन न होने के कारण आसपास का वातावरण दूषित हो रहा था। नालियों में गोबर भर जाने के कारण जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही थी, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा था और डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा था।
नगर निगम ने जानकारी दी कि शहरी क्षेत्रों में डेरी संचालन की अनुमति नहीं दी जाती है। केवल अधिकतम दो गायों को लाइसेंस लेकर पालने की अनुमति दी जाती है। नगर निगम अधिनियम 1959 के अनुसार भैंस को अपदूषण कारक पशु की श्रेणी में रखा गया है, अतः शहरी क्षेत्रों में भैंस पालन पूर्णतः प्रतिबंधित है।
टिप्पणियां