दिल्ली में मौसम का कहर, रात 8 से लेकर 10 बजे तक बारिश ने दिखाया रौद्र रुप

दिल्ली में मौसम का कहर, रात 8 से लेकर 10 बजे तक बारिश ने दिखाया रौद्र रुप

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को दिन भर सूरज ने आसमान से आग बरसाई, दिनभर लोग गर्मी से बेहाल रहे। लेकिन, रात को अचानक से मौसम ने करवट बदली। तेज आंधी- बारिश के साथ ओले गिरने से लोगों को राहत मिली। ऐसे में लोगों ने जमकर बारिश का आनंद लिया। मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम, उत्तर पूर्व, दक्षिण पश्चिम और दक्षिण पूर्व जिला में रात 8 से लेकर 10 बजे तक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया हुआ है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ तूफान व बिजली कड़की और ओलावृष्टि हुई। बारिश ने लोगों को सुकून तो दिया। लेकिन, कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 40.7 डिग्री दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का न्यूनतम स्तर 42 फीसदी रहा।
 
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सफदरजंग पर 79 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। इसके अलावा, लोधी रोड में ओलावृष्टि हुई। पालम में 35 किमी प्रति घंटे से लेकर 72 किमी प्रति घंटे की हवा चली। इसके अलावा, पालम में 7:30 बजे 37 डिग्री सेल्सियस तापमान था, जो 14 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 8:30 बजे 23 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इस दौरान कई इलाकों में तापमान में गिरावट आई। उन्होंने बताया कि हरियाणा के पड़ोस में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र निचले क्षोभमंडल स्तरों में पंजाब से बांग्लादेश तक एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका में समाहित है। अरब सागर के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। वहीं, उत्तर, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम, उत्तर-पूर्व दिल्ली के अधिकांश भागों से दूर दक्षिण की ओर बढ़ते हुए यह तुफान मौजूदा समय में दक्षिण और पूर्वी दिल्ली व नोएडा के ऊपर है। अगले एक घंटे में यह दिल्ली से बाहर जाने की संभावना है। 
 
23-24 मई के लिए बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 23 मई के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है और 24 मई को बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ बिजली कड़केगी और तेज हवाएं 20-30 किमी प्रति घंटा की गति से चलेगी, जो अस्थायी रूप से शाम व रात के समय धूल उड़ाने वाली हवाएं 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंचेगी। इस दौरान गर्म और आर्द्र परिस्थितियां बनी रहेगी।
 
आया नगर में सबसे अधिक तापमान रहा
आया नगर में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में 41.3, रिज में 40.8 और लोधी रोड में 39.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। साथ ही, न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 30.2 डिग्री दर्ज किया गया। रिज में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लोधी रोड में 29.0, पालम में 29.3 और आया नगर में 29.8 डिग्री दर्ज हुआ।
मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुईं
 
रेड, येलो और पिंक लाइनों पर मेट्रो सेवाएं प्रभावित
तेज हवा और बारिश के बाद डीएमआरसी ने सेवा अपडेट जारी किया है। अचानक आए तूफान के कारण कुछ स्थानों पर ओएचई या बाहरी वस्तुओं के मेट्रो ट्रैक पर गिरने से कुछ नुकसान हुआ है। परिणामस्वरूप, शहीद नगर, जहांगीरपुरी और निजामुद्दीन स्टेशनों के पास क्रमशः रेड, येलो और पिंक लाइनों पर इन प्रभावित खंडों पर मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुई हैं और उन्हें विनियमित किया जा रहा है। सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए इन वस्तुओं को हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
 
आंधी बारिश से ठप हुआ नमो भारत ट्रेन का संचालन
साहिबाबाद में बुधवार रात करीब 8:15 बजे शुरू हुई आंधी बारिश के बाद नमो भारत ट्रेन का संचालन रुक गया। स्टेशन पर मेरठ जाने वाले यात्री करीब एक घंटा इंतजार के बाद यहां से वापस लौटे। गाजियाबाद निवासी अलका ने बताया कि उन्हें मेरठ जाना था वह करीब एक घंटा से यहां इंतजार कर रही थीं लेकिन रात 9:30 बजे तक भी ट्रेन का संचालन शुरू नहीं हुआ। इसकी वजह से अब उन्होंने वापस घर लौटने का फैसला किया। मोदीनगर निवासी संजय ने बताया कि वह भी काफी देर तक इंतजार कर रहे थे लेकिन ट्रेन का संचालन न होने से वह भी लौट रहे हैं। बताया जा रहा है कि मुरादनगर रैपिड के ट्रैक पर तार टूटकर गिरने से संचालन रोका गया है।
 
इन इलाकों की बिजली गुल
दिल्ली में आंधी, ओले और बारिश के कारण कई इलाकों जैसे बवाना, नरेला, जहांगीरपुरी, सिविल लाइंस, शक्ति नगर, मॉडल टाउन, वजीराबाद, धीरपुर, बुराड़ी में बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली की लाइनों पर पेड़ और टहनियां गिरने से बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति को अस्थायी रूप से निलंबित करना पड़ा, ताकि किसी को बिजली का करंट नहीं लगे। टाटा पावर-डीडीएल की ओर से कहा गया है कि त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) सेवा संबंधी शिकायतों का तेजी से समाधान कर रही हैं।

 

About The Author

Tarunmitra Picture

‘तरुणमित्र’ श्रम ही आधार, सिर्फ खबरों से सरोकार। के तर्ज पर प्रकाशित होने वाला ऐसा समचाार पत्र है जो वर्ष 1978 में पूर्वी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जैसे सुविधाविहीन शहर से स्व0 समूह सम्पादक कैलाशनाथ के श्रम के बदौलत प्रकाशित होकर आज पांच प्रदेश (उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखण्ड) तक अपनी पहुंच बना चुका है। 

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां