डालसा सचिव ने मध्यस्थ अधिवक्ताओं के साथ की समीक्षा बैठक
पूर्वी सिंहभूम। नालसा एवं झालसा के निर्देशानुसार मेडिएशन फॉर नेशन अभियान के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में 90 दिनों का विशेष मध्यस्थता अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर के सचिव धर्मेन्द्र कुमार ने गुरुवार को न्याय सदन सभागार में सभी मध्यस्थ अधिवक्ताओं के साथ एक विशेष समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान सचिव ने बताया कि यह अभियान एक जुलाई से 30 सितंबर तक चलेगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला और सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में जिले में यह अभियान शुरू कर दिया गया है।
डालसा सचिव ने बैठक में उपस्थित अधिवक्ताओं से आग्रह किया कि वे अपने कार्यों में तेजी लाएं ताकि अधिक से अधिक वादों का समाधान मध्यस्थता के माध्यम से कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि वैवाहिक विवाद, सड़क दुर्घटना मुआवजा वाद, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक वाद, मकान मालिक और किरायेदार विवाद, भू-अर्जन जैसे लंबित वादों का निपटारा मध्यस्थता से किया जा सकता है।
डालसा सचिव ने कहा कि संबंधित पक्षकार अपने लंबित वादों को न्यायालय के माध्यम से या जिला विधिक सेवा प्राधिकार के जरिए मध्यस्थता केन्द्र, न्याय सदन, जमशेदपुर भेज सकते हैं। सचिव ने कहा कि जिलेभर में इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया गया है। ताकि अधिकाधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठाकर समय और खर्च बचाते हुए जल्द न्याय प्राप्त कर सकें।
बैठक में मध्यस्थ अधिवक्ता केके सिन्हा, बी कामेश्वरी, बिमल पांडेय, राजेश दास, प्रीति मुर्मू, सोमा दास, कृष्णा प्रसाद, मौसमी चौधरी सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित थे।
टिप्पणियां