डायल 112 की कुशलता में होमगार्ड संगठन का बड़ा योगदान  : धर्मवीर प्रजापति

होमगार्ड्स संगठन स्थापना के 62 में स्थापना दिवस मना

डायल 112 की कुशलता में होमगार्ड संगठन का बड़ा योगदान  : धर्मवीर प्रजापति

  • सीएम योगी के नेतृत्व में होमगार्ड जवानों की बेहतरी के लिए बहुत से कार्य किए गए
  • होमगार्ड जवानों का दैनिक भत्ता 600 रुपये प्रतिदिन के साथ डीए भी दिया जा रहा है
  • 80 हजार होमगार्ड जवानों को आज के समय में लगातार ड्यूटी उपलब्ध कराई जा रही है: अपर मुख्य सचिव
  • होमगार्ड जवानों को आपदा कार्यों में राहत एवं बचाव कार्य हेतु की जायेगी ट्रेनिंग की व्यवस्था: डीजी

लखनऊ। होमगार्ड्स संगठन स्थापना के 62 में स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर बुधवार होमगार्ड्स मुख्यालय पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यूपी के कारागार एवं होमगार्ड्स राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने रैतिक परेड का मान- प्रणाम स्वीकार किया। इस अवसर पर धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि 2017 से प्रदेश सरकार में योगी के नेतृत्व में होमगार्ड जवानों के लिए  बेहतरी के लिए बहुत से कार्य किए गए हैं। होमगार्ड जवानों का दैनिक भत्ता पहले 375 रुपए हुआ करता था जिसे दो बार में बढ़ाते हुए रुपए 600 कर दिया गया है साथ ही डीए भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवानों के ड्यूटी एवं भत्ते को लेकर पहले अनियमितता की लगातार शिकायतें मिलती थी,लेकिन अब पारदर्शी व्यवस्था अपनाते हुए ड्यूटी एवं भत्ता से लेकर अन्य सभी रिकॉर्ड आॅनलाइन कर दिया गया है। जिससे की जवानों को स्वयं ड्यूटी की जानकारी स्वत: प्राप्त हो जाती है एवं उनके भत्ते सीधे खाते में भेजे जा रहे हैं। आज सॉफ्टवेयर से उनकी ड्यूटी लगायी जा रही है। किसी भी अनियमितता की गुंजाइश ही नहीं रहती।

श्री प्रजापति ने कहा कि हमें गर्व है कि निर्वाचन के दौरान अन्य प्रदेशों से होमगार्ड जवानों की मांग आती है। उन्होंने कहा कि हमारा होमगार्ड जवान  कर्तव्य परायणता एवं निष्ठा से ड्यूटी करता है उसकी तारीफ अन्य प्रदेशों से भी प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि आज हमारा होमगार्ड जवान प्रशासनिक ड्यूटी के साथ-साथ सामाजिक कार्यों को भी बखूबी निभा रहा है। उनका सामाजिक दायित्वों का निर्वहन प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि हमने अपने होमगार्ड जवानों को निर्देश दिए हैं कि मंदिरों एवं सड़कों पर अगर कोई भी विकलांग, बुजुर्ग,पुरुष व महिला दिखे तो उसकी मदद करें।

2

श्री प्रजापति ने कहा कि आज हमारे होमगार्ड जवानों का न केवल ड्यूटी भत्ता बढ़ा है बल्कि उन्हें मुख्यमंत्री  की तरफ से रुपए 5 लाख की सहायता राशि उनके असामयिक निधन पर प्रदान की जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि असामयिक मृत्यु की स्थिति में विभिन्न बैंकों के माध्यम से 30- 40 लख रुपए की मृतक बीमा राशि भी प्रदान की जाती है। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव अनिल कुमार ने कहा कि यह कार्यक्रम तो एक बानगी मात्र है जो हम पूरे साल करते रहते हैं।आज डायल 112 की कुशलता में हमारे होमगार्ड संगठन का एक बहुत बड़ा योगदान है। चौराहों पर हमारा जवान पूरी कुशलता एवं तत्परता से ड्यूटी करता है, देखकर प्रसन्नता होती है।

कार्यक्रम की शुरूआत में कमांडेंट जनरल होमगार्ड  विजय कुमार मौर्य ने कहा कि होमगार्ड संगठन नित्य नई-नई ऊंचाइयों को हासिल कर रहा है और नए रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा होमगार्ड संगठन अन्य विभागों की तुलना में अधिक आधुनिक हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारा जवान वृक्षारोपण से लेकर गंगा सफाई तक सभी अभियान को सफलतापूर्वक पूर्ण कर रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय राहत कार्यों में ट्रेंड जवानों की जरूरत होती है। अत: हम अपने जवानों के ट्रेनिंग की व्यवस्था कर रहे हैं, ताकि आपदा के समय हमारे जवान कारगर साबित हो सके। इस अवसर पर डीजी कारगार एसएन सावंत डीआईजी विवेक कुमार सिंह, रणजीत कुमार सिंह, एके सिंह, सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: lucknow

About The Author

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां