बेटे की हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के लिए भटकती रही महिला
दो साल बाद मुकदमा हुआ दर्ज
लखनऊ। महानगर थाने में दो साल बाद युवक की हत्या होने का मुकदमा दर्ज हुआ। मां का आरोप है कि उसके बेटे की जहर देकर हत्या की गई थी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता लगातार अधिकारियों से मिलकर न्याय की गुहार लगा रही थी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद उन्होंने थाने में तहरीर दी थी। उसके बाद करीब दो साल से अधिकारियों से मिल रही थीं। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत पर अब मामला दर्ज किया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक़ सचिवालय कॉलोनी निवासी उर्मिला सिंह ने पुलिस को बताया है कि सात मार्च 2023 को बेटा ज्ञानेंद्र सिंह (34) ऑफिस के लिए घर से निकला था।
दोपहर करीब ढाई बजे के आसपास निशातगंज पुलिस चौकी से फोन आने पर जानकारी हुई कि ज्ञानेंद्र निशातगंज के पास सड़क किनारे बेसुध पड़ा है। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में जहर दिए जाने की बात सामने आई। इसके बाद महानगर थाने में तहरीर दी थी। बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया पर, मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
टिप्पणियां