विरोध में व्यापारियों ने किया हंगामा, बाजार रहे बंद

 विरोध में व्यापारियों ने किया हंगामा, बाजार रहे बंद

नगर निगम द्वारा अपनी दुकानों का किराया बढ़ाने के प्रस्ताव का विरोध बढ़ता जा रहा है। व्यापारियों ने गुरुवार को अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर नगर निगम के प्रस्ताव पर जमकर विरोध जताया। किराया बढ़ोत्तरी के विरोध में कई व्यापारी संगठनों से जुड़े व्यापारी गुरुवार को घंटाघर स्थित सब्जी मंडी में एकत्र हुए इसके बाद घंटाघर से जुलूस के रूप में नगर निगम तक मार्च किया। व्यापारियों के पहुंचने पर बातचीत के लिए कोई अधिकारी के न आने से व्यापारी नगर निगम मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। बता दें कि विरोध करने वालों में कपड़ा व्यापार संघ, सर्राफा एसोसिशन, उप्र उद्योग व्यापार मंडल, गोल मार्केट व्यापार एसोसिएशन से जुड़े व्यापारी शामिल हुए।

इस दौरान बाजार बंद कर दिए गए। नगर निगम में धरना दे रहे व्यापारियों को संबोधित करते हुए उप्र व्यापार मंडल श्याम बिहारी गुट के महानगर अध्यक्ष सुभाष छाबड़ा ने कहा कि नगर निगम ने बाजार रेट से दुकानों का किराया बढ़ाने का फैसला लिया है। किराए की वैल्यूएशन किस हिसाब से लगा रहे हैं। व्यापारी अपनी समस्या को लेकर नगर आयुक्त से मिलने जाते हैं तो वे मिलते नहीं। सर्राफा एसोसिएशन के गौरव गर्ग ने कहा कि व्यापारी किसी भी कीमत पर दुकानों का किराया तय करने में नगर निगम की मनमानी को चलने नहीं देंगे।

अगर 25 साल से किराया नहीं बढ़ा तो इसकी जिम्मेदारी नगर निगम की है। ऐसे में इसका खामियाजा दुकानदार आखिर क्यों भुगतेंगे। रमते राम रोड व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश स्वामी ने कहा कि नगर निगम ने किराया तय करने में व्यापारियों की राय नहीं ली गई है। नगर आयुक्त इस विषय पर व्यापारियों की बातों को सुनने के लिए तैयार नहीं है। युवा व्यापारी नेता राजू छाबड़ा ने कहा कि व्यापारियों को किराया बढ़ाने से कोई आपत्ति नहीं है लेकिन नगर निगम मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने में लगा है। जिसका व्यापारी पुरजोर विरोध करेंगे और नगर निगम की मनमानी नहीं चलने देंगे।

Tags:

About The Author

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां