स्व0 चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस पर किसान सम्मान समारोह एवं जैविक मेला का किया गया भव्य आयोजन
प्रतापगढ़। स्व0 चौधरी चरण सिंह (मा0 भूतपूर्व प्रधानमंत्री) जी के जन्म दिवस के अवसर पर कृषि विभाग परिसर में किसान सम्मान समारोह एवं जैविक मेला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कृषि विभाग परिसर में लगाये गये विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, किसानों एवं जनसामान्य द्वारा किया गया। प्रदर्शनी का शुभारम्भ सांसद संगम लाल गुप्ता ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल, जिलाधिकारी संजीव रंजन, पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी/प्रभारी सीडीओ राकेश प्रसाद, दैनिक जागरण प्रयागराज के महाप्रबन्धक मनीष चतुर्वेदी, जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार, जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार उपस्थित रहे।
स्व0 चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस के अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने स्व0 चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उप कृषि निदेशक विनोद कुमार यादव ने आये हुये अतिथियों को अंगवस्त्रम् एवं कृषि उत्पाद से सम्बन्धित उपहार देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रयागराज के कलाकार कंचन लाल यादव की टीम ने लोकगीत ‘‘सोचै किसनवा खुशी होइगा मनवा’’ आदि के माध्यम से कृषि पर आधारित मनोहारिक गीत की प्रस्तुति की।कार्यक्रम में जनपद एवं विकास खण्ड स्तर पर कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं उद्यान में अधिक उत्पादन प्राप्त करने वाले उन्नतिशील/प्रगतिशील कृषको को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम में सांसद संगम लाल गुप्ता ने किसानों को भूतपूर्व प्रधानमंत्री के जन्म दिवस की बधाई देते हुये कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने किसानों के जीवन में खुशहाली लाने एवं उनके आय में वृद्धि करने हेतु निरन्तर प्रयत्नशील है और विभिन्न योजनायें संचालित कर किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होने कहा कि मोटे अनाज के सम्बन्ध में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, किसान भाई मोटे अनाज का अधिक से अधिक उत्पादन करें। इस अवसर पर विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 चौधरी चरण सिंह जी किसानों की सदैव चिंता करते थे। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के साथ कार्य रही है और योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी संजीव रंजन ने किसानों एवं जनसामान्य को सम्बोधित करते हुये कहा कि बिना किसानों के जीवन सम्भव नही है, किसानों के वजह से देश आत्मनिर्भर होकर चल रहा है। किसानों की मेहनत के कारण पूरा भारत अन्न खाता है। किसानों की आय में बढ़ोत्तरी एवं प्रगति हेतु केन्द्र एवं प्रदेश सरकार निरन्तर किसानांं के हित कार्य कर रही है और उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। खाद्यान्न के मामले में देश सरप्लस है और खाद्यान्न की कोई कमी नही है। कृषि विभाग द्वारा जैविक खेती करने, मिलेट्स (मोटे अनाज) के बारे में किसानों को जागरूक किया जा रहा है। किसान भाई अपने खेतों में विभिन्न प्रकार की फसलों का उत्पादन कर समृद्धि ला सकते है।
जिलाधिकारी ने इस दौरान जनसामान्य से कहा कि आगामी नये साल में चुनाव आने वाला है इसमें सभी की भागीदारी होना आवश्यक है। जनपद का मतदान प्रतिशत 54 से 55 प्रतिशत तक रहता है जो कम है।इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डा0 नवीन कुमार, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक पंकज पाण्डेय ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर भूमि संरक्षण अधिकारी प्रथम चमन सिंह,सांसद प्रतिनिधि विवेक उपाध्याय, विधायक सदर प्रतिनिधि अरूण मौर्य, पर्यावरण सेना प्रमुख अजय क्रान्तिकारी सहित जनपद के किसान, व्यापार मण्डल के पदाधिकारी व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
टिप्पणियां