राम जी तो ‘मेहमान’ हैं, बहिन जानकी बनेंगी महारानी...!
लखनऊ। आज मिथिला नगरिया निहाल सखिया, चारों दुल्हा में ई बड़का कमाल सखिया...कुछ ऐसे ही अंदाज में सोमवार को इंदिरानगर के शांतिनगर कॉलोनी की महिलाओं ने मिलजुलकर लोक गीत गाना शुरू किया तो पूरा वातावरण राममय हो गया। यहीं पर बिहार से आई महिलाओं की एक टोली ने सामूहिक रूप से बताया चूंकि वो लोग पटना, दरभंगा, छपरा सीवान , पूर्णिया आदि से आई हैं और किसी कारणवश अयोध्या नहीं पहुंच पाई तो उन लोगों ने लखनऊ में ही अपने-अपने रिश्तेदारों के यहां कुछ दिन ठिकाना बना लिया।
इनका यही कहना रहा कि भईया, प्रभु राम के ससुराल से हम बहनें आये हैं, वो तो हमारे जीजा और मेहमान (दामाद) हैं और बहुतै अच्छा लगा कि उनके साथ जानकी बहन को भी मान-सम्मान मिलेगा और महारानी का दर्जा मिलेगा।
इसके बाद वहीं पर सजे रामदरबार में महिलाओं ने देर शाम तक भजन का गुणगान किया और भंडारे का भी आयोजन हुआ जिसमें तहरी और पूड़ी सब्जी का वितरण देर शाम तक किया गया। इससे एक दिन पूर्व यहीं पर कॉलोनिवासियों के मदद से अखंड रामायण का पाठ सम्पन्न हुआ जिसमें खासकर बच्चों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। इसी क्रम में बच्चों ने देर शाम को रामलला के जीवन पर आधारित झांकी भी निकाली।
टिप्पणियां