परित्यक्त मकान में विस्फोट, एक की मौत
पूर्व बर्दवान। पूर्व बर्दवान जिले के काटवा महकमा अंतर्गत राजोआ गांव के उत्तरपाड़ा इलाके में एक परित्यक्त मिट्टी के घर में शुक्रवार रात विस्फोट हो गया जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हुआ है। इस विस्फोट में मिट्टी से बना घर ढह गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रात करीब 9:15 बजे एक तेज धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकले तो देखा कि एक परित्यक्त घर से आग की लपटें उठ रही हैं और घर पूरी तरह ढह चुका है। तुरंत लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही काटवा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मलबे से एक घायल व्यक्ति को बाहर निकालकर तत्काल कटवा महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके कुछ देर बाद उसी मलबे से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया।
प्राथमिक जांच के बाद पुलिस का अनुमान है कि घर में बम बनाते समय यह विस्फोट हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि यह परित्यक्त मकान बम बनाने का अड्डा बन चुका था। बताया जा रहा है कि बम बनाने में शामिल कुछ लोग बीरभूम से आए थे। जिस घर में यह घटना हुई वह स्थानीय निवासी, स्वर्गीय मंटू शेख का है। उनके निधन के बाद उनके बेटे यह मकान छोड़कर कहीं और बस गए हैं, जिसके बाद यह घर सुनसान और असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
टिप्पणियां