कालाजार उन्मूलन के लिए चर्चा
लखनऊ। एक अप्रैल से शुरू हो रहे विशेष संचारी रोग अभियान की तैयारी की समीक्षा करने के लिए शुक्रवार को राज्यस्तरीय कार्यशाला हुई। इसमें अभियान को सफल बनाने की रणनीति और कालाजार उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में राज्यस्तरीय अधिकारियों के अलावा 18 जिलों के अपर मुख्य चिकित्साधिकारी,जिला मलेरिया अधिकारी और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवेल ने कालाजार उन्मूलन के लिए विभिन्न रणनीतियों, प्रगति रिपोर्ट एवं आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि कालाजार उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे सर्वेक्षण,स्क्रीनिंग और उपचार की गति को तेज किया जाए तथा उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जाए।
मिशन निदेशक ने कहा कि कालाजार उन्मूलन के लिए सामुदायिक भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इस दिशा में प्रभावी जन-जागरूकता अभियान चलाने,शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लक्षित हस्तक्षेप करने तथा मल्टी-सेक्टोरल सहयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।
टिप्पणियां