सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर कसा तंज
कहा-प्रदेश का मुखिया 12 बजे सोकर उठता था तो विकास कहां से होता
- पिछली सरकार ने प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया दिया था
- भाजपा ने वन डिस्ट्रिक्ट-वन उत्पाद दिया
- मुख्यमंत्री ने किया मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय का निरीक्षण
सहारनपुर। यूपी के सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकार ने प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया दिया था, लेकिन हमने इसका उल्टा कर दिया। भाजपा ने वन डिस्ट्रिक्ट-वन उत्पाद दिया है। आज उद्यमी और बेटियां सुरक्षित हैं। युवाओं को रोजगार दिया गया है। भाजपा की सरकार में अगर कोई असुरक्षित है, तो वह माफिया है, जिन्हें रसातल तक पहुंचाया गया है। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जब प्रदेश का मुखिया 12 बजे सोकर उठेगा और उसके बाद नहाना-धोना और मित्र मंडली से मुलाकात होगी तो विकास कहां से होता। सोमवार को मुख्यमंत्री जनमंच सभागार में युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत श्रण वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने काष्ठकला और हस्तशिल्प कारीगरों को वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल किया है, लेकिन भाजपा ने इन्हें आगे बढ़ाने का काम किया। काष्ठकला में आज सहारनपुर की वैश्विक स्तर पर पहचान हो चुकी है। यहां की प्रतिभा को उभारने की जरूरत है। यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा परिणाम को लेकर कहा कि अब किसी एक गांव से भर्ती नहीं होते, बल्कि हर जिले से प्रतिभाशाली भर्ती होते हैं। 1947 से 2017 तक जहां यूपी में केवल 10 हजार महिला पुलिसकर्मी थीं, वहीं हमने हाल ही में हुई 60244 की भर्ती में करीब 12 हजार महिला पुलिसकर्मियों को भर्ती किया है। अब भाई-भतीजावाद नहीं चलता। कुंभ को लेकर भी सपा पर तंज कसा।
कहा कि जो लोग कुंभ की व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे थे, वह खुद भी संगम में डुबकी लगाने के लिए पहुंचे। कुंभ में 45 दिनों में 66 करोड़ लोग पहुंचे। एक स्थान पर इतने अधिक श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं करना किसी अन्य के बस में नहीं है, यही यूपी की पहचान है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएम ने विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन विश्वविद्यालय के मॉडल का भी अवलोकन किया। इस मौके पर जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय के अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वविद्यालय के निरीक्षण के दौरान एडमिन ब्लॉक, लाइब्रेरी ब्लॉक, गर्ल्स हॉस्टल ब्लॉक, ब्वॉयज हॉस्टल ब्लॉक, वीसी रेजिडेन्स, फैसिलिटी सेण्टर, कैन्टीन, विद्युत सब-स्टेशन, पुलिस चौकी, हेल्थ सेन्टर, बाउन्ड्री वॉल इत्यादि के निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान कहा कि सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं उनकी बेहतर शिक्षा के प्रति संवेदनशील है। उच्च शिक्षा के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता के उन्नयन में माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर बेहतर योगदान देगा। ऐसे में निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
टिप्पणियां