10 मई को झारखंड के उत्तर-पूर्वी जिलों में लू चलने की आशंका
रांची। झारखंड के उत्तर-पूर्वी जिलों में 10 मई को लू चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने जिन जिलों में लू चलने की आशंका व्यक्त की है उनमें दुमका, पाकुड और गोडडा शामिल है। वहीं विभाग के अनुसार राज्य भर में तापमान बढने की आशंका है। तापमान बढते ही राज्य में फिर से प्रचंड गर्मी पडेगी। इससे राजधानी रांची समेत सभी जिलों के तापमान में पांच से सात डिग्री की वृद्धि हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि अप्रैल माह में गर्जन और बारिश के कारण पूरे राज्यर भर में तापमान कम रहा। इससे लोगों को गर्मी का प्रकोप नहीं झेलना पडा। लेकिन मौसम विभाग ने आठ मई के बाद तापमान में वद्धि होने की आशंका जतायी है। मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री, जमशेदपुर में 33.5, डालटेनगंज में 37, बोकारो में 34.1, चाईबासा में 34.7, देवघर में 34.3, धनबाद में 29.2, गुमला में 32.6, हजारीबाग में 33.3 और गढवा में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
टिप्पणियां