यूपी मूल की महिला नेझज्जर में की आत्महत्या
झज्जर। शहर में मंगलवार को एक महिला ने अपने घर में ही खुदकुशी कर ली। मृतक महिला का शव उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। पति और महिला में आए दिन विवाद रहता था। सोमवार की रात भी दोनों में झगड़ा हुआ था। पुलिस ने महिला के शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया है। मामले की जांच की जा रही है।
उत्तर प्रदेश मूल की विनीता अपने पति उमाकांत और दो बच्चों के साथ झज्जर शहर के छावनी मोहल्ले के एक मकान में किराए पर रहती थी। मंगलवार की दोपहर को महिला ने अपने दोनों बच्चों को खेलने के लिए पार्क में भेज दिया और पीछे से कमरा अंदर से बंद करके गले में फंदा डालकर झूल गई। मकान के दूसरे कमरों में रहने वाले किराएदारों को विनीता के कमरे के अंदर से आवाज आई तो कमरे में झांककर देखा। कमरे में देखा तो विनीता अचेत हो चुकी थी।
उन्होंने शहर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे के अंदर पहुंचने के लिए पुलिस को दरवाजा तोड़ना पड़ा। प्राथमिक जांच करके और पड़ोसियों से पूछताछ के बाद शव को नीचे उतरा गया। फॉरेंसिक जांच दल ने भी घटना स्थल से जरूरी सुबूत जुटाए। ताकि जांच कार्य में मदद मिल सके।
झज्जर के सहायक पुलिस आयुक्त अनिरुद्ध चौहान ने बताया कि महिला का पति शराब का आदी है। इसलिए दोनों में बहुत ज्यादा अनबन रहती थी। बहुत बार झगड़ा होता था। घरेलू कलह से परेशान महिला ने मंगलवार को गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। उसके बाद पोस्टमार्टम करवा कर महिला का शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले में कानूनी कार्रवाई भी परिजनों के बयानों के अनुसार ही होगी।
टिप्पणियां