डॉ. सूर्यकान्त बने आयुर्विज्ञान अकादमी वित्त समिति के सदस्य

डॉ. सूर्यकान्त बने आयुर्विज्ञान अकादमी वित्त समिति के सदस्य

लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) सूर्यकान्त को राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान अकादमी (भारत) [एन.ए.एम.एस.] की वित्त समिति के सदस्य के रूप में नामित किया गया है। डॉ. सूर्यकान्त एन.ए.एम.एस. के लाइफ मेंबर हैं, तथा वर्ष 2018 में उन्हें अकादमी की प्रतिष्ठित फैलोशिप से सम्मानित किया गया था। चिकित्सा क्षेत्र में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए उन्हें 2021 में डॉ. आर. वी. राजम ओरेशन अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है। उनकी यह नियुक्ति न केवल उनके विशिष्ट चिकित्सा,वैज्ञानिक एवं नेतृत्व योगदान की पुष्टि करती है, बल्कि राष्ट्रीय चिकित्सा नीतियों के निर्माण में उनकी भागीदारी को भी और अधिक सशक्त बनाती है।

डॉ. सूर्यकान्त का नाम विश्व के शीर्ष दो फीसद वैज्ञानिकों में शामिल किया जा चुका है। वे विगत 27 वर्षों से चिकित्सा शिक्षा में संलग्न हैं, जिनमें से 20 वर्षों से प्रोफेसर और 14 वर्षों से विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने चिकित्सा विज्ञान से संबंधित विषयों पर 22 पुस्तकें लिखी हैं। एलर्जी, अस्थमा, क्षय (टी.बी.), और फेफड़ों के कैंसर जैसे क्षेत्रों में उनके 1000 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशित हो चुके हैं, साथ ही दो अंतरराष्ट्रीय पेटेंट भी उनके नाम दर्ज हैं।

डॉ. सूर्यकान्त ने अब तक लगभग 200 एमडी व पीएचडी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया है, 50 से अधिक शोध परियोजनाओं का नेतृत्व किया है, 22 फैलोशिप और 20 ओरेशन अवॉर्ड प्राप्त किए हैं। उन्हें अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय तथा राज्य स्तर की विभिन्न संस्थाओं द्वारा कुल 214 पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। 

About The Author

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां