प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में"संविधान बचाओ संगोष्ठी" आयोजित

 डोटासरा बोले - भाजपा कर रही संविधान की अवहेलना

प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में

जयपुर । प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में शनिवार को “संविधान बचाओ संगोष्ठी” का आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रदेश कांग्रेस विधि, मानवाधिकार एवं आरटीआई विभाग के तत्वावधान में हुआ, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने अधिवक्ताओं को सम्बोधित करते हुए देश में संविधान की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त की।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारें संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों से निष्पक्षता की बजाय पार्टी हित में कार्य करवा रही हैं। डोटासरा ने अंता विधानसभा के मामले का उदाहरण देते हुए कहा कि एक विधायक को सजा मिलने के बावजूद विधानसभा की सदस्यता समाप्त करने में 25 दिन का समय लिया गया, जबकि ऐसी स्थिति में तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए थी।

डोटासरा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने की तुलना करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने सिर्फ 24 घंटे में उनकी सदस्यता खत्म करवा दी और सरकारी आवास भी खाली करवा लिया, जबकि भाजपा विधायकों के मामलों में अलग मापदण्ड अपनाए जा रहे हैं।

उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि महाराष्ट्र में वोटर लिस्ट में वृद्धि को लेकर जानकारी मांगने पर भी राहुल गांधी को कोई सूचना नहीं दी गई।

पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सी. पी. जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को न केवल लागू किया बल्कि उसे सशक्त भी किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में संवैधानिक संस्थाएं कमजोर हुई हैं और संघीय ढांचा भी खतरे में है। उन्होंने राजभवन और मुख्यमंत्री कार्यालय के बीच बढ़ते टकराव को इस ढांचे की कमजोरी का उदाहरण बताया।

कार्यक्रम में विभाग के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप पूनियां ने उपस्थित अधिवक्ताओं का स्वागत करते हुए संविधान बचाओ अभियान में अधिक से अधिक अधिवक्ताओं को जुड़ने की अपील की।

About The Author

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां

Latest News