मीराबाई जन्मोत्सव पर वाणी प्रकाशन ने मथुरा में लगाई साहित्य प्रदर्शनी
60 वर्ष पुराने प्रकाशन समूह की साहित्य प्रदर्शनी में पहुंची सांसद हेमा मालिनी
-संत मीराबाई पर अब तक प्रकाशित सभी प्रकाशकों की पुस्तक देख सांसद खुश, दी बधाई’
मथुरा। उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित मीराबाई की 525 वीं जयंती पर दिल्ली के वाणी प्रकाशन ने मीराबाई के संपूर्ण जीवन दर्शन पर अब तक प्रकाशित हुए साहित्य की प्रदर्शनी लगाई। वेटरनरी विश्वविद्यालय परिसर स्थित प.दीनदयाल उपाध्याय सभागार में इस प्रदर्शनी का अवलोकन सांसद व अभिनेत्री हेमा मालिनी ने किया। इसके लिए सांसद हेमा ने वाणी प्रकाशन को धन्यवाद दिया। प्रकाशन समूह की एमडी अदिति माहेश्वरी ने सांसद के अलावा मुंबई के कवि नारायण अग्रवाल, श्रीवत्स गोस्वामी, लखनऊ के सुधाकर अदीव, मीरा संस्थान चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष सत्य नारायण दत्त समधानी, महेंद्रगढ़ के साहित्यकार अरविंद तेजावत, रोहतक की रोहिणी अग्रवाल को प्रदर्शनी का अवलोकन कराया।
दूसरे दिन के वक्ताओं को भी मीराबाई के साहित्य की जानकारी दी गयी। उन सभी विद्वान वक्तागण को भी प्रदर्शनी का अवलोकन कराया गया। उल्लेखनीय है कि वाणी प्रकाशन देश के सर्वाेच्च प्रकाशनों में से एक है। इसके द्वारा प्रकाशित करायी गयीं कई पुस्तकों के लेखक भी राष्ट्रीय संगोष्ठी में सांसद ने बुलाए थे। दोनों दिन श्रोता के रूप में जनपद के माध्यमिक व महाविद्यालयों के लगभग 800 से ज्यादा शिक्षक व शिक्षिका मौजूद रहे। उन्हे जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्र ने आमंत्रित किया था। संगोष्ठी की व्यवस्थाएं उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद के समन्वयक चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार आदि ने संभालीं। वाणी प्रशासन की एचडी अदिति माहेश्वरी ने बताया है कि साहित्य प्रदर्शनी की पुस्तकें अब गीता शोध संस्थान वृंदावन में उपलब्ध हैं, जिज्ञासु पाठक वहां अवलोकन कर सकते हैं।
टिप्पणियां