जिले में रैली, जनसंपर्क व सभाओं का रहा जोर
शाम छह बजे थम गया चुनावी शोरगुल
मुरैना। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर एवं हास्य कलाकार जूनियर जॉनी लीवर ने बुधवार को अंबाह में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में पोरसा से अंबाह तक विशाल जन सैलाब के साथ रोड शो किया, उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को वोट देने के लिए जनता से अपील की। खुली जीप पर सवार होकर यह रोड शो कई इलाकों तक गया। जूनियर जॉनी लीवर की एक झलक पाने के लिए लोग काफी बेकरार दिखे। रोड शो का जगह-जगह बच्चों से लेकर युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गो ने स्वागत किया और पुष्पों की वर्षा की।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने चंद्रयान से लेकर वंदेभारत ट्रेन, पीएम आवास, मुफ्त राशन, कोरोना वेक्सीन, शोचालय जैसी कई योजनाओं को गिनाकर भाजपा के लिए वोट मांगे। उन्होंने 20 साल पुराने कांग्रेस शासन वाले और आज भाजपा शासन का विकसित मप्र की चर्चा की और कांग्रेस को जमकर कोसा। उन्होंने गरीबी के लिए कांग्रेस की पूर्व सरकारों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कांग्रेस की नाकामी गिनाई।
तोमर ने कहा कि मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है। कांग्रेस पार्टी के झूठ की इस चुनाव में हार होगी। प्रदेश के विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार जरूरी है। इसलिए सभी मतदाता एक जुट होकर देश और प्रदेश के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करें।
उल्लेखनीय है कि चुनाव प्रचार के अंतिम दिन बुधवार को प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। भाजपा, कांग्रेस व बसपा उम्मीदवारों ने रैलियां निकाली, सभाऐं की और अपने समर्थकों के साथ संपर्क किया। अब प्रत्याशी व्यक्तिगत संपर्क ही कर सकेंगे। उधर चुनावी शोरगुल समाप्त होने के बाद अब खरीफ फरोख्त का खेल भी शुरू हो गया है। मतदाताओं को लुभाने के लिए हर वो उपाय अपनाए जा रहे हैं जो चुनाव के लिहाज से नियम विरुद्ध हैं। पिछले करीब एक महीने से चल रहा चुनावी शोरगुल बुधवार की शाम 6 बजे थम गया। मुरैना सहित दिमनी, अंबाह, जौरा, सबलगढ़ एवं सुमावली विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों के समर्थन में रैली निकाली गईं एवं कई स्थानों पर सभा हुईं। मुरैना में भाजपा प्रत्याशी रघुराज कंषाना, कांग्रेस के दिनेश गुर्जर , बसपा के राकेश सिंह एवं आम आदमी पार्टी प्रत्याशी रमेश उपाध्याय ने अपने समर्थकों के साथ सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान मुरैना शहर में रैली निकालकर प्रत्याशियों ने नागरिकों से आशीर्वाद मांगा। अंबाह विधानसभा में केन्द्रीय मंत्री एवं दिमनी से भाजपा प्रत्याशी नरेन्द्र सिंह तोमर ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में रैली निकाली। जौरा में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में राजरत्न अंबेडकर सभा की। इसी प्रकार सुमावली व सबलगढ़ में भी सभाऐं व रैलियां आयोजित हुईं। कुलमिलाकर आज चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी।
व्यक्तिगत संपर्क शुरू: बुधवार की शाम 6 बजे चुनावी प्रचार समाप्त होने के बाद प्रत्याशी व उनके समर्थकों ने व्यक्तिगत संपर्क प्रारंभ कर दिया है। संपर्क के दौरान प्रत्याशी अपने साथ सिर्फ एक दो लोगों को ही लेकर पहुंच रहे हैं। आज एवं कल की रात प्रत्याशियों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण साबित होने वाली है। क्यों कि अब सारा खेल इसी दौरान खेला जाऐंगे। साम, दाम, दण्ड, भेद अपनाने की प्रक्रिया भी अब प्रारंभ हो गई है। प्रशासन को चाहिए कि वह शहर के बाहर जो बस्तियां बनीं हुईं हैं वहां कड़ी नजर रखे।
About The Author

‘तरुणमित्र’ श्रम ही आधार, सिर्फ खबरों से सरोकार। के तर्ज पर प्रकाशित होने वाला ऐसा समचाार पत्र है जो वर्ष 1978 में पूर्वी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जैसे सुविधाविहीन शहर से स्व0 समूह सम्पादक कैलाशनाथ के श्रम के बदौलत प्रकाशित होकर आज पांच प्रदेश (उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखण्ड) तक अपनी पहुंच बना चुका है।
टिप्पणियां