झामुमो के लिए सबसे महत्वपूर्ण ईकाई है पंचायत समिति: विनोद पांडेय
रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) रांची जिला समिति की बैठक मंगलवार को रातू रोड स्थित आर आर टावर में जिलाध्यक्ष मुशताक आलम के नेतृत्व में हुई। बैठक का संचालन जिला सचिव डॉ हेमलाल कुमार मेहता ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के लिए सबसे महत्वपूर्ण ईकाई पंचायत समिति है। पंचायत समिति के बिना हम सभी नेता अधूरे हैं। सभी समितियों का पिलर पंचायत समिति ही है। सभी चुनावी मोड़ में आ जाएं, घोषणा कभी भी हो सकता है। रांची सहित सभी जिला समिति को धूम धाम से गुरूजी के 80वां जन्मदिन मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी संविधान में किसी तरह का प्रभारी का कोई प्रावधान नहीं है, सतर्क हो जाऐं वैसे लोग जो प्रभारी शब्द का इस्तेमाल करते हैं। नवनियुक्त सभी वर्ग संगठन के तमाम पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अब समय नहीं है, यथाशीघ्र संवैधानिक प्रक्रिया को पूरा कर लें। झामुमो की केन्द्रीय सदस्य और राज्य सभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि राज्य के तमाम कार्यकर्ता चुनाव की तैयारी में लग जाये। राज्यसभा सांसद होने के नाते मैं दावे के साथ कह सकती हूं कि 2024 में भी हेमन्त सोरेन ही मुख्यमंत्री बनेंगे। झारखंड में आईएनडीआईए गठबंधन ही जीतेगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि बुधवार को गुरूजी का जन्मदिन भव्य तरीके से मनाने की तैयारी की जाएगी। 80 पौंड का केक बनवाया जा रहा है। गुरूजी के आवास में केक काटा जाएगा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सहित परिवार के सभी लोग शामिल रहेंगे।
टिप्पणियां