बच्ची से रेप करने के आरोपी का एनकाउंटर,पैर में लगी गोली
रात 2 बजे पुलिस ने घेरा तो फायरिंग करते हुए भागा,
लखनऊ। गोमतीनगर इलाके में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर 7 साल की बच्ची से मुंशी ने रेप किया। शोर सुनकर मां पहुंची तो बेटी बेसुध पड़ी थी। मासूम को लेकर परिजन 3 अस्पतालों में भटकने के बाद ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। वारदात के करीब 12 घंटे बाद पुलिस ने आरोपी मोहम्मद सरजू को एनकाउंटर में गोली मारकर पकड़ लिया।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी लखनऊ से भागने की फिराक में है। वह खरगापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास है। रात 2 बजे टीम ने उसकी घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा। पुलिस ने जब पीछा किया तो आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस उसके पैर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह गिर गया। उसे इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक़ इटावा की रहने वाली मासूम दूसरी कक्षा की छात्रा है। गोमती नगर में अपने माता-पिता के साथ कंस्ट्रक्शन साइट के सर्वेंट क्वार्टर में रहती है। पिता साफ-सफाई का काम करते हैं। शनिवार की दोपहर करीब 2 बजे बच्ची सर्वेंट क्वार्टर से किसी काम से निकली। तभी आरोपी ने उसको पकड़ लिया। उसे जबरन लेबर रूम में ले गया। बच्ची का शोर सुनकर जब तक मां वहां पहुंची, तब तक आरोपी भाग चुका था। बच्ची को लहूलुहान हालत में देखकर मां ने पिता को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे पिता और बच्ची के मामा उसे लेकर लोहिया अस्पताल गए। वहां से झलकारी बाई अस्पताल रेफर कर दिया गया। झलकारी बाई से उसे क्वीन मैरी भेजा गया। इसके बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। अस्पताल ले जाते वक्त बच्ची ने मुंशी के बारे में बताया। हालांकि, उसे मुंशी का नाम नहीं पता था। पिता ने जब साइट के 4 मुंशियों की तस्वीर दिखाई, तब बच्ची ने पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी मुंशी मोहम्मद सरजू को पहचान लिया। इसके बाद पुलिस एक्शन में आई।
आरोपी की तलाश में जगह-जगह दबिश दी गई। उसके लोकेशन को ट्रेस किया, लेकिन उसका पता नहीं चल रहा था। इस दौरान पुलिस को एक मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी ट्रेन पकड़कर लखनऊ से भागने की फिराक में है। रात 2 बजे विभूति खंड थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी की, तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसे गोली लग गई।
टिप्पणियां