नवलगढ़ नगरपालिका को बनाएंगे नगर परिषद, 500 का गैस सिलेंडर 400 तक लाएंगे
नवलगढ़/खेतड़ी/चौमूं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पिछले 5 वर्षों में सुशासन दिया है। कुशल वित्तीय प्रबंधन से जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू कर हर घर को लाभान्वित किया है। प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए गत चुनावों से पूर्व जारी जनघोषणा पत्र में किए वादों में 90 प्रतिशत से अधिक को पूरा कर आमजन के प्रति प्रतिबद्धता निभाई है। अब दिसम्बर, 2023 में फिर से राजस्थान में कांग्रेस सरकार बन रही है। हम योजनाओं का दायरा बढ़ाते हुए मजबूत करेंगे। साथ ही, कांग्रेस की 7 गारंटियों को लागू करेंगे।
गहलोत रविवार को नवलगढ़ और खेतड़ी तथा जयपुर के चौमूं में जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यहां से कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री सलाहकार की भूमिका निभाते हुए प्रदेश के साथ-साथ नवलगढ़ के विकास में कोई कमी नहीं रखी है। क्षेत्र में कन्या महाविद्यालय, पी.जी संकाय, जिला अस्पताल, सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, एडीजी कोर्ट, खेल मैदान, औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार किया गया है। खेतड़ी में उप जिला अस्पताल, पुलिस थाना, कृषि उपज मंडी, स्वास्थ्य केंद्र, सड़कों का विकास सहित कई महत्वपूर्ण कार्य कराए है।
मुख्यमंत्री ने सभा में क्षेत्रवासियों की मांग पर नवलगढ़ नगरपालिका को नगरपरिषद बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सुशासन के लिए कांग्रेस सरकार 20 नए जिले बना सकती है तो नगर परिषद भी बना सकती है। सरकार बनते ही यह वादा निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। अब सरकार बनने पर 1.05 करोड़ को भी 500 रुपए में सिलेंडर मिलेेगा। देश में बढ़ती महंगाई पर कांग्रेस सरकार इस कीमत को 400 रुपए तक ले जाएगी।
गहलोत ने कहा कि प्रदेश का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया है। महंगाई राहत कैम्प के जरिए 10 योजनाओं के गारंटी कार्ड वितरित कर हर व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया। इससे हर घर को राहत मिली है, जिससे परिवारों में बचत बढ़ने लगी है। उन्होंने कहा कि हमारी योजनाओं की पूरे देश में सराहना हो रही है। महिलाओं, बच्चों, किसानों, पशुपालकों, सरकारी कार्मिकों को सामाजिक और आर्थिक सम्बल मिला है। उन्होंने कहा कि 25 लाख रुपए तक का चिकित्सा बीमा, घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 100 यूनिट और कृषि उपभोक्ताओं को 2000 यूनिट निःशुल्क बिजली प्रावधान, निःशुल्क फूड पैकेट, लम्पी रोग से मृत प्रति गाय पर 40 हजार रुपए की सहायता राशि, महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की शुरुआत, मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना, रोडवेज बसों में महिलाओं का आधा किराया, राजकीय कर्मचारियों के सुरक्षित भविष्य के लिए फिर से ओपीएस की शुरुआत की गई। इनका लाभ आमजन को मिला रहा है। ऐसी योजनाएं देश के अन्य किसी भी राज्य में नहीं है। राजस्थान अग्रणी राज्य बन गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी के पास कोई चुनावी मुद्दा नहीं है। वे सिर्फ मोदी के नाम पर वोट मांगते हैं। केंद्रीय नेतृत्व का स्थानीय कार्यकर्ताओं पर भरोसा तक नहीं है। कांग्रेस अपनी योजनाओं और आमजन से विश्वास पर आगे बढ़ रही है। वहीं, बीजेपी झूठ की राजनीति पर। उन्होंने कहा कि बीजेपी को चैलेंज देता हूं कि वे कांग्रेस सरकार की योजनाओं की कमियां बताएं। कांग्रेस सरकार द्वारा लागू गिग वर्कर्स वेलफेयर एक्ट, न्यूनतम आय गारंटी, स्वास्थ्य का अधिकार, 25 लाख रुपए का चिकित्सा बीमा, 100 और 2000 यूनिट निःशुल्क विद्युत के प्रावधान, शहरी रोजगार गारंटी, इंदिरा रसोई, ओल्ड पेंशन योजना, अन्नपूर्णा फूड पैकेट पर बीजेपी अपने विचार रखे। गहलोत ने कहा कि बीजेपी हमें अपना दुश्मन मानती है। झूठे आरोप लगा रही है। कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों के परिवारों पर छापे करा रही है। मैं कहता हूं कि उनके पास ईडी, इनकम टैक्स है तो हमारे पास कांग्रेस की गारंटी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी योजनाओं का बीजेपी पर इतना असर रहा है कि उन्होंने मेनिफेस्टो में भी हमारी योजनाओं को बदल कर लिख दिया। उनका यह मेनिफेस्टो खोखला और गोलमाल है। उन्होंने इसे बनाने में होमवर्क तक नहीं किया। श्री गहलोत ने कहा कि हम सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं, जबकि बीजेपी के नेता राजस्थान में नेगेटिव कैम्पेन चला रहे हैं। गहलोत ने कहा कि प्रदेश के विकास को अब 10 गुना गति से बढ़ाना है। आमजन से मिले सुझावों पर तैयार विजन-2023 डाॅक्यूमेंट के आधार पर कांग्रेस सरकार कार्य करेगी। वहीं, कांग्रेस ने प्रदेशवासियों को 7 गारंटियां हैं। इनके जरिए हर वर्ग लाभान्वित होगा। इनमें- कांग्रेस की 7 गारंटियों से लोगों को सामाजिक और आर्थिक सम्बल मिलेगा। इनमें, प्रत्येक परिवार की महिला मुखिया को हर वर्ष 10 हजार रुपए दिए जाएंगे। प्रदेश के 1.05 करोड़ परिवारों को 500 रुपए में गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराए जाएंगे। प्राकृतिक आपदा से प्रभावितों को 15 लाख रुपए तक आपदा सहायता राशि दी जाएगी। विद्यार्थियों को सरकारी विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम में निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी। सरकारी महाविद्यालयों में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को निःशुल्क लैपटाॅप/टेबलेट देंगे। राजकीय कार्मिकों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) के संबंध में कानून बनाएंगे। गोधन योजना में पशुपालकों से गोबर 2 रुपए प्रति किलो की दर से खरीदा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जनसभा में नवलगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार शर्मा, खेतड़ी से मनीषा, झुंझुनूं से बृजेंद्र ओला, मंडावा से कुमारी रीटा चौधरी, पिलानी से पितराम सिंह काला, सूरजगढ़ से श्रवण कुमार, उदयपुरवाटी से भगवाना राम सैनी और चौमूं से कांग्रेस प्रत्याशी डाॅ. शिखा बराला के समर्थन में मतदान करने के लिए अपील की। सभा में कांग्रेस प्रत्याशी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
टिप्पणियां