छात्राओं पर मधुमक्खियों का हमला, अस्पताल में भर्ती
ऊना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंबोटा के चार विद्यार्थियों पर स्कूल में छुट्टी के बाद घर जाते हुए मधुमक्खियों ने हमला करके घायल कर दिया। उन्हें गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल गगरेट लाया गया। यहां पर डाक्टरों ने विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अब उनकी हालत काे स्थिर बताया है।
शनिवार को दोपहर बाद तीन बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंबोटा में छुट्टी होने के बाद विद्यार्थी अपने घरों को जा रहे थे। चतेहर में किसी शरारती तत्व ने मधुमक्खियों के छत्ते को पत्थर मार दिया। इससे मधुमक्खियों ने वहां से गुजर रहे स्कूली विद्यार्थियों पर हमला कर दिया। इसकी चपेट में अंबोटा स्कूल की छात्रा पल्लवी, सुगंधा, सोना व एक छात्र रघुवीर आ गए। मधुमक्खियों के काटने से एक छात्रा की हालत मौके पर ही खराब हो गई। घायल विद्यार्थियों को तत्काल सिविल अस्पताल गगरेट पहुंचाया गया। यहां पर डाक्टरों ने इन्हें त्वरित प्राथमिक उपचार किया। खंड चिकित्सा अधिकारी डाॅ. पंकज पराशर ने स्वयं जाकर विद्यार्थियों काे देखा और कहा कि अब सभी विद्यार्थी खतरे से बाहर हैं।
टिप्पणियां