नगर निगम में 91 टैक्स शिकायतों का किया निस्तारण
संपूर्ण समाधान दिवस शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न
- नागरिकों ने जताया संतोष
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ द्वारा प्रत्येक माह के पहले शुक्रवार को आयोजित किया जाने वाला संपूर्ण समाधान दिवस इस शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय, त्रिलोकनाथ सभागार, लालबाग में सफलता के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याएं लेकर भाग लिया और अधिकांश शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही किया गया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार की अध्यक्षता में अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, पंकज कुमार, डॉ. अरविंद राव, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, चीफ टैक्स असेसमेंट ऑफिसर अशोक सिंह, समस्त जोनल अधिकारी, इंजीनियरिंग शाखा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, पशु कल्याण अधिकारी और सेनेटरी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों ने पूरी तत्परता के साथ नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया।
टैक्स विभाग से प्राप्त कुल 91 शिकायतें समाधान दिवस पर निस्तारित की गई। जिसमे जोन एक की 17 शिकायतें,जोन दो की दो शिकायतें,जोन तीन की बारह शिकायतें,जोन चार की दस शिकायतें, जोन पांच की एक शिकायत,जोन छह की बीस शिकायतें,जोन सात की बीस शिकायतें,जोन आठ की नौ शिकायतें नगर निगम को मिली थी। वहीं जलकल विभाग से टैक्स से जुड़ी 4 शिकायतें आईं, जिनका निस्तारण भी मौके पर हुआ। मार्गप्रकाश विभाग को जोन 2 में 1 और जोन 6 में 2 शिकायतें मिलीं, जिन्हें तुरंत ठीक किया गया। इंजीनियरिंग शाखा को जोन 6 और जोन 8 से निर्माण कार्य संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं। विभाग द्वारा इन शिकायतों के समाधान हेतु डिमांड दर्ज कर प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा, “संपूर्ण समाधान दिवस न केवल शिकायतों के समाधान का मंच है, बल्कि यह नागरिकों और प्रशासन के बीच पारदर्शी संवाद का माध्यम भी है।” उन्होंने नागरिकों से भविष्य में भी सक्रिय भागीदारी की अपील की। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि भविष्य में होने वाले समाधान दिवस में समय से पहुंचें और संबंधित दस्तावेजों के साथ अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि उनका त्वरित निस्तारण किया जा सके।
टिप्पणियां