शिमला में भाजपा का डॉ. अंबेडकर सम्मान अभियान 4 मई को
शिमला। भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती (14 अप्रैल) से 25 अप्रैल तक आयोजित किए गए विभिन्न कार्यक्रमों के तहत अब पार्टी 4 मई को एक महा संपर्क अभियान चलाने जा रही है। यह जानकारी भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान के प्रदेश संयोजक बिहारी लाल शर्मा ने दी।
शर्मा ने बताया कि इस अभियान के तहत भाजपा के 2000 से अधिक कार्यकर्ता प्रदेशभर के अपने-अपने मंडलों में अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय से जुड़े 10,000 से अधिक प्रबुद्धजनों से संपर्क करेंगे। इस दौरान उन्हें पत्रक वितरित किए जाएंगे और कांग्रेस सरकारों द्वारा डॉ. अंबेडकर के साथ किए गए कथित अन्याय और अपमान को उजागर किया जाएगा। भाजपा के इस महा संपर्क अभियान में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ता तक सक्रिय भागीदारी करेंगे।
बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष भाजपा डाॅ. राजीव बिन्दल नाहन में, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सिराज, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन शिमला ग्रामीण, सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष डाॅ. राजीव भारद्वाज नूरपुर, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डाॅ. सिकंदर कुमार हमीरपुर, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर पालमपुर, बिहारी लाल शर्मा रोहड़ू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप पच्छाद, सतपाल सत्ती ऊना, प्रवक्ता विधायक रणधीर शर्मा नैनादेवी, विपिन परमार सुलह, राकेश जमवाल सुंदरनगर, जनक राज भरमौर समेत सभी सांसद, विधायक, 2022 एवं 2024 के प्रत्याशी सहित सभी पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, मण्डल अध्यक्ष, महामंत्री, मण्डल कार्यकारिणी, मोर्चों के पदाधिकारी अपने-अपने मण्डलों में इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
बिहारी लाल शर्मा ने दावा किया कि भाजपा इस एक दिन के अभियान में रिकॉर्ड बनाएगी और यह महा संपर्क अभियान ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां कांग्रेस अपने ही कार्यक्रमों में डॉ. अंबेडकर को उचित सम्मान नहीं दे पाई, वहीं भाजपा घर-घर जाकर उनकी नीतियों को जन-जन तक पहुंचा रही है। कांग्रेस केवल वोट के लिए डॉ. अंबेडकर का नाम इस्तेमाल करती है, जबकि भाजपा उन्हें वास्तविक सम्मान देती है।
टिप्पणियां