UP: यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, दो लोगों की माैत और पांच घायल
आगरा। आगरा के एत्मादपुर में यमुना एक्सप्रेस वे के किलोमीटर संख्या 162.6 पर बुधवार रात को भीषण हादसा हुआ। ऑटो में अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से महिला सहित 2 की मृत्यु हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर घायल हो गए। चालक ऑटो को खंदाैली इंटरचेंज से एक्सप्रेस वे लेकर आया था। सभी को ताजगंज के तोरा गांव जाना था। मगर, ऑटो की बैटरी डाउन होने पर साइड में खड़ा किया था कि पीछे से आए वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने घायलों को ट्रांस यमुना स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना रात तकरीबन 9:45 बजे की है। तोरा गांव निवासी बबलू ने बताया कि उसके साले के ससुर का देहांत हो गया था। वह मथुरा के दाऊजी स्थित गांव जराैठी में रहते थे। बुधवार को तेरहवीं थीं। इसमें शामिल होने के लिए उनका छोटा भाई भाई कन्हैया, चचेरा भाई राजू, कन्हैया की पत्नी कमलेश देवी, रिश्तेदार केशव, उसकी पत्नी राधा, चालक सहित दो अन्य लोग गांव से सुबह गए थे। रात को आॅटो से वापस आ रहे थे। खंदाैली में इंटरचेंज से चालक आॅटो को यमुना एक्सप्रेस वे पर ले आया। वह आॅटो को कुबेरपुर इनर रिंग रोड होते हुए फतेहाबाद रोड ले जा रहा था।
रास्ते में किलोमीटर संख्या 162.6 पर आटो की बैटरी डाउन हो गई। इस पर चालक ने आॅटो साइड में लगा दिया। सभी लोग बैठे थे। तभी पीछे से आते अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे ऑटो पलट गया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि वह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर थाना एत्मादपुर पुलिस आई। कमलेश देवी (45) और राजू (40) की मौके पर ही मौत हो गई। केशव, राधा समेत 5 लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कन्हैया राजमिस्त्री है। उनके दो बच्चे हैं। उसकी पत्नी की मृत्यु हुई है। मृतक राजू फूलो के डेकोरेशन का काम करता था। एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
About The Author

‘तरुणमित्र’ श्रम ही आधार, सिर्फ खबरों से सरोकार। के तर्ज पर प्रकाशित होने वाला ऐसा समचाार पत्र है जो वर्ष 1978 में पूर्वी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जैसे सुविधाविहीन शहर से स्व0 समूह सम्पादक कैलाशनाथ के श्रम के बदौलत प्रकाशित होकर आज पांच प्रदेश (उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखण्ड) तक अपनी पहुंच बना चुका है।
टिप्पणियां