नगर आयुक्त ने भू-माफियाओं पर कार्रवाई करने के आदेश दिए

नगर आयुक्त ने भू-माफियाओं पर कार्रवाई करने के आदेश दिए

लखनऊ। नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त गौरव कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को संपत्ति विभाग की समीक्षा बैठक हुई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि नगर निगम की सभी संपत्तियों का संपत्ति रजिस्टर व्यवस्थित रूप से तैयार और अपडेट किया जाए। साथ ही विस्तारित क्षेत्रों में सर्वेक्षण कर अवैध कब्जों की पहचान की जाए।

कहा कि सरकारी जमीनों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए। प्रारंभिक स्तर पर ही अवैध निर्माण कार्यों की पहचान कर उन्हें रोका जाए, ताकि निगम की भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अवैध प्लॉटिंग करने वाले भू-माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों पर कानूनी शिकंजा कसा जाए और इन गतिविधियों को समय रहते रोका जाए।

बैठक के दौरान अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार ने बताया कि संपत्ति विभाग ने इस वर्ष में अब तक 188 अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाए हैं, जिनके माध्यम से 121.306 हेक्टेयर भूमि को मुक्त कराया गया है। साथ ही 27 एफआईआर भी दर्ज की गई हैं। इस पर संपत्ति विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास नगर की व्यवस्था सुधारने और निगम की संपत्तियों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने इस कार्य को जारी रखने के निर्देश दिए। बैठक के समापन पर नगर आयुक्त ने कहा कि संपत्ति से संबंधित सभी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही होनी चाहिए, ताकि आम नागरिकों को लाभ मिल सके और नगर निगम की छवि मजबूत हो। बैठक में अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार, प्रभारी अधिकारी संपत्ति संजय यादव सहित संपत्ति विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां