पर्यटन विभाग की 148 परियोजनायें लोकार्पण को तैयार- जयवीर
ईको टूरिज्म,राज्य सेक्टर तथा जिला सेक्टर की परियोजनायें शामिल
लखनऊ। पर्यटन विभाग उप्र द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के विभिन्न जनपदों में पर्यटन विकास परियोजनायें संचालित की जा रही है। पर्यटन विभाग का प्रयास है कि परियोजनाओं को समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ पूरा कराकर आम जनता को समर्पित कर दिया जाए। इसी क्रम में पर्यटन विभाग द्वारा 26408.72 लाख रूपये की 148 योजनाए पूरी कराकर लोकार्पण के लिए तैयार हैं। यह परियोजनायें प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थित हैं।
यह जानकारी सोमवार को प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि राज्य योजना के तहत 122 परियोजनायें पूरी कराई गयी है। जिस पर 23833.40 लाख रूपये की धनराशि व्यय की गयी है। इसी प्रकार जिला योजना के अंतर्गत 423.30 लाख रूपये की 18 परियोजनायें पूरी कराई गयी है,जो लोकार्पण के लिए तैयार है। जयवीर सिंह ने बताया कि ईको टूरिज्म योजना को लोकप्रिय बनाकर पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पीलीभीत,बिजनौर, चन्दौली तथा रायबरेली में 612.64 लाख रूपये की परियोजनायें पूरी कराई गयी है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के अंतर्गत आगरा की चार परियोजनायें पूरी की गयी है, जिस पर 1538.38 लाख रूपये की लागत आई है। इस प्रकार कुल 26408.72 लाख रूपये की परियोजनायें लोकार्पण के लिए तैयार है। बताया कि 122 परियोजनाओं में कुछ परियोजनायें वित्तीय वर्ष 2021-22 तथा 2022-23, 2023-24 में शुरू की गयी थी, इसी प्रकार जिला योजना की 18 परियोजनायें 2022-23 तथा 2023-24 में शुरू की गयी थी।
ईको टूरिज्म की चार योजनायें वित्तीय वर्ष 2022-23 में शुरू की गयी थी तथा मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के अंतर्गत आगरा की चार परियोजनायें वित्तीय वर्ष 2023-24 में शुरू कराई गयी थी। इन योजनाओं का लगातार स्थलीय निरीक्षण कराकर कार्यदायी संस्थाओं से निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिये गये थे, जिसके फलस्वरूप यह परियोजनायें लोकार्पण के लिए तैयार है।
टिप्पणियां