बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
पूर्वी सिंहभूम। चालुनिया पंचायत के जयनगर गांव स्थित कन्हाईश्वर पहाड़ की पूजा कर लौट रहे दो युवकों की बाइक को शनिवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में गालूडीह निवासी नीलू सदन(27) की मौत हो गई, जबकि पाटमहुलिया निवासी शिवम मंडल(30) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार नीलू सदन (गालूडीह) और शिवम मंडल (पाटमहुलिया) बाइक ( जेएच 05 डीके 3004) से पूजा कर अपने घर लौट रहे थे। तभी चाकुलिया-शीशाखून मुख्य सड़क पर जोड़ाम गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पुलिस पहुंची और दोनों को अपनी बोलेरो से चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने नीलू सदन को मृत घोषित कर दिया, जबकि शिवम मंडल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी ने रविवार को बताया कि अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
टिप्पणियां