वाराणसी में बारिश का कहर, मकान की दीवार गिरने से दंपती की मौत
मामले की जांच की जा रही
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सोमवार पूरी रात हुई बारिश ने जमकर कहर बरपाया। इसमें जनधन की भारी क्षति हुई है। बारिश से मंगलवार तड़के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर इंडस्ट्रियल क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस के समीप एक मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई।
मलबे में दबने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रविन्द्र मिश्र (62 वर्ष) और उनकी पत्नी प्रतिभा देवी (55 वर्ष) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार,पति—पत्नी मूल रूप से झारखंड के गढ़वा जिले के डुमरिया गांव के रहने वाले थे। वे पिछले कई वर्षों से चांदपुर इंडस्ट्रियल क्षेत्र में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।
उनका बेटा आनंद भी चांदपुर की ही एक कंपनी में काम करता है। सोमवार की रात उसकी नाइट ड्यूटी थी। अलसुबह ड्यूटी कर आनंद बारिश में भींगते हुए घर पहुंचा तो घर की दिवार गिरी देख चौक गया।
अंदर गया तो अपने माता—पिता को मलबे में दबा देखा तो शोर मचाया। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ कर्मियों की मदद से दोनों को मलबे से बाहर निकलवाया।
तब तक दोनों की मौत हो गई थी। मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा के अनुसार दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया बारिश के कारण दीवार कमजोर होने से हादसा हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
