फिर से यूपी में पलटेगा मौसम, मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान
पछुआ हवाओं से गिरा पारा
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिन से चल रही पछुआ की रफ्तार बुधवार को 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार को भी पार कर गई। हवा के असर से प्रदेश भर में बीते 24 घंटों में तापमान में 4 से 6 डिग्री की गिरावट आई है। साथ ही एक बार फिर से सुबह-शाम का मौसम सुहाना हो गया है। बृहस्पतिवार को भी प्रदेश में तेज हवा का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार से पछुआ की रफ्तार थमेगी, इसके बाद तापमान में बढ़त देखने को मिलेगी।बुधवार को यूपी में कई जगहों पर धूल भरी आंधी चलीं। इन हवाओं की वजह से पारे में चार से छह डिग्री तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों का पूर्वानुमान जारी किया है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यूपी में पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद पीछे खाली जगह भरने को चली पछुआ हवा की रफ्तार बुधवार को 51 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई। इसके असर से दिन के पारे में 4 से 6 डिग्री की गिरावट देखने को मिली। शुक्रवार के बाद हवा की रफ्तार थमेगी और अगले तीन से चार दिनों में पारा जितना गिरा है, उतना चढ़ेगा। वहीं 9.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ नजीबाबाद सबसे ठंडा रहा।
राजधानी लखनऊ में बुधवार को दिन भर धूल भरी तेज पछुआ हवाएं चलीं। इससे दिन व रात के पारे में गिरावट आई। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को चली हवाओं की रफ्तार 51 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई। इससे मौसम सुहावना हो गया और और धूप की तपिश से राहत मिली।
टिप्पणियां