प्रख्यात ओडिया कवि रमाकांत रथ का निधन
नई दिल्ली। पद्म भूषण से अलंकृत प्रख्यात ओडिया कवि और साहित्य अकादमी के पूर्व अध्यक्ष रमाकांत रथ का रविवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने भुवनेश्वर स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। वे 91 वर्ष के थे। साहित्य में अपने योगदान के अलावा रथ ने ओडिशा राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विभिन्न विभागों में सचिव और ओडिशा के मुख्य सचिव के रूप में कार्य किया।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने रमाकांत रथ के निधन पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें भारतीय साहित्य का एक महान कवि बताते हुए उनके योगदान को याद किया। मांझी ने एक्स पोस्ट पर अपने शोक संदेश में कहा कि पद्म भूषण से सम्मानित पूर्व नौकरशाह और साहित्यकार रमाकांत रथ के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ।
उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा के साथ-साथ साहित्य की दुनिया में उनके योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा। मैं भगवान जगन्नाथ से दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।रथ का अंतिम संस्कार सोमवार को पुरी स्थित श्मशानघाट स्वर्गद्वार पर होगा।
टिप्पणियां