जलपुरुष ने बताए जल संरक्षण के फायदे
जालाैन । जालौन के कोंच तहसील स्थित ग्राम अमीटा में बुधवार को जल संरक्षण पर विशेष जन चौपाल का आयोजन किया गया। प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के प्रसिद्ध जल संरक्षण विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र सिंह मुख्य अतिथि रहे।
जल पुरुष के नाम से विख्यात राजेंद्र सिंह ने कहा कि आज पानी नहीं बचाया तो आने वाली पीढ़ियों को इसके परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने वर्षा जल संचयन और परंपरागत जल स्रोतों के पुनर्जीवन पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने बताया कि कैसे सामूहिक प्रयासों से देश के कई सूखाग्रस्त क्षेत्रों में जल संरक्षण किया गया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने जिले में चल रहे जल संरक्षण अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशासन हर गांव में जल चौपाल के जरिए लोगों को जल संरक्षण से जोड़ रहा है। कार्यक्रम में खेत- तालाब योजना और नदियों के पुनर्जीवन पर चर्चा हुई। जल प्रबंधन की तकनीकी जानकारी भी दी गई। स्कूली बच्चों ने जल संरक्षण पर गीत और नाटक प्रस्तुत किए। इस मौके पर जिला स्तरीय अधिकारी, ग्रामीण और विद्यार्थी मौजूद रहे।
टिप्पणियां