अघोरी बताकर महिलाओं के जेवर गायब करने वाले दो गिरफ्तार, अन्य साथियों की तलाश जारी
मड़ियांव पुलिस ने किया गिरफ्तार
आरोपियों के कब्जे से जेवर-नगदी बरामद
लखनऊ। मड़ियांव पुलिस ने भला करने के बहाने महिला की अंगूठी चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी खुद को अघोरी बताकर लोगों को झांसे में लेते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से जेवर बेचकर मिली नकदी बरामद की है। मामले में उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी राह चलते लोगों को भला करने और टोना-टोटका दूर करने का झांसा देते थे। इस दौरान फूल देकर बातों में उलझाते और हाथ की अंगूठी चोरी कर लेते थे। बाद में चोरी की अंगूठियों को राहगीरों को बेच देते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी दिल्ली समेत अन्य जिलों से जुटाई जा रही है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। 17 जून को जानकीपुरम स्थित मल्हर डिलक्स निवासी शाम्भवी शुक्ला ने शिकायत दर्ज कराई थी।
बताया था कि दोपहर करीब 12 बजे वह कार से इंजीनियरिंग कॉलेज फ्लाईओवर से मड़ियांव की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान सामने से आए अघोरी साधुओं के वेश में दो व्यक्तियों ने हाथ देकर उनकी कार रुकवाने का इशारा किया। शाम्भवी के मुताबिक, कार रुकने पर एक व्यक्ति ने शीशा खुलवाया और उनके हाथ में फूल की कुछ पंखुड़ियां रख दीं। इसके कुछ ही देर बाद उन्होंने देखा कि उनके हाथ में पहनी अंगूठी गायब है।
उन्होंने तुरंत अंगूठी तलाशने और दोनों व्यक्तियों को खोजने का प्रयास किया, लेकिन वे मौके से फरार हो चुके थे। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मड़ियांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। शनिवार को थाना मड़ियांव की पुलिस टीम इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर गश्त कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए संदिग्ध दो व्यक्ति भिठौली फ्लाईओवर के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान शांति कॉलोनी, मंडी गांव, फतेहपुर बेरी, दक्षिणी दिल्ली निवासी साकिब नाथ (28) और तुगलकाबाद, ओखला मोड़, गोविंदपुरी, दक्षिणी दिल्ली निवासी अरुण (27) के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि दोनों सपेरे का काम करते हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 31,700 रुपए बरामद किए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
