Mumbai: मुहर्रम के जुलूस में लोगों को ‘पेनकिलर’ बताकर बांट रहा था जहरीले कैप्सूल!
हुआ गिरफ़्तार, जांच में जुटी पुलिस
By Rajesh Jaiswal
मुंबई। मुंबई पुलिस की सतर्कता के चलते मुहर्रम के जुलूस के दौरान बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, जुलूस के दौरान जहरीले कैप्सूल बांटने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वह अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर जुलूस में शामिल लोगों को जिंक फॉस्फाइड वाला कैप्सूल बांट रहा था, जिसे खाने से कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ गई है। आरोपी इस कैप्सूल को जुलूस में शामिल लोगों के बीच ‘पेन किलर’ बताकर बेच रहा था। उसके टारगेट पर हजारों लोग थे। कैप्सूल में मौजूद पदार्थ की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। इसके बाद ही कैप्सूल को बांटने के पीछे की मंशा साफ हो पाएगी।
मिली जानकारी के मुताबिक, रे रोड स्थित रेहमताबाद कब्रिस्तान के पास से मोहर्रम का आशूरा जुलूस निकल रहा था, तभी चार लोग जुलूस में शामिल नागरिकों को जहरीला कैप्सूल बांट रहे थे। एक महिला को संदेह होने पर उसने कैप्सूल बांटने वालों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बताया कि ये ‘इम्युनिटी बूस्टर’ वाले कैप्सूल है। महिला ने जब एक कैप्सूल खोलकर देखा तो उसमें काले रंग का पाउडर मिला, जिससे उसका शक और बढ़ गया। इसके बाद महिला ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया, लेकिन तीन लोग चुपचाप मौके का फायदा उठाते हुए भाग निकले। घटनास्थल से बड़ी संख्या में कैप्सूल भी जब्त किए गए हैं। प्रत्येक कैप्सूल में करीब एक ग्राम जहर भरा हुआ था। कई नागरिकों को ये कैप्सूल बांटे गए थे। कैप्सूल खाने के बाद कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी भी सामने आई है।
जांच में जुटी पुलिस..
भायखला पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी की पहचान फय्याज निसार प्रेमजी (39) के तौर पर हुई है। वह बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) पास है और साल 2025 में ईरान-इराक की यात्रा पर गया था, हाल ही में वह ईरान-इराक से लौटकर आया है। इसका कारण अभी पता नहीं है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां इस पहलू की भी जांच कर रही हैं कि क्या इस साजिश के पीछे किसी अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का हाथ है।
बताया जा रहा है कि किसी बड़ी साजिश के तहत फय्याज ने जिंक फॉस्फाइड के जहरीले कैप्सूल तैयार किए थे। वह मुंबई में एक साथ हजारों लोगों को मारना चाहता था। इसलिए वह मुहर्रम जुलूस के दौरान लोगों को कैप्सूल बांट रहा था। फैयाज का दिया कैप्सूल खाने से सलमान सैयद नाम के एक व्यक्ति की तबीयत खराब होने के बाद एक्शन लिया गया है। फैयाज के पास से उसका आधार और पासपोर्ट जब्त किया गया है। पुलिस ने उसके पास से 14 हजार 900 कैप्सूल जब्त किए हैं। जांच में ये भी सामने आया है कि 50 किलो जिंक फॉस्फाइड से तैयार 30 हजार कैप्सूल का ऑर्डर दिया गया था।
डीसीपी जयंत मीणा के मुताबिक, आरोपी बिना किसी लाइसेंस या अनुमति के यह जहरीले कैप्सूल तैयार कर रहा था। पूछताछ में सामने आया कि उसका मकसद मुहर्रम जुलूस को निशाना बनाना था। आरोपी ने करीब 50 किलो जिंक फॉस्फाइड मंगाया था और लगभग 30 हजार कैप्सूल तैयार करने की योजना बनाई थी। आरोपी फैयाज का मोटिव क्लियर नहीं है। उसका कैप्सूल में जिंक फॉस्फाइड जहर डालकर बांटने के पीछे क्या प्लान था? फैयाज प्रेमजी पुणे के विमान नगर का रहने वाला है और उसका पेंट का बिजनेस है। फैयाज ने 15 दिन पहले डोंगरी में किराए पर घर लिया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने जैसी गंभीर धाराएं लगाई हैं। मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित कड़ियों को खंगाला जा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
राजेश जायसवाल को पत्रकारिता क्षेत्र में 25 वर्षों का अनुभव है। अपने लंबे करियर में उन्होंने समाचार लेखन और रिपोर्टिंग के विभिन्न दायित्व निभाए हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में कार्यरत हैं।
