महिगवां पुलिस ने मोबाइल चोरी कर ठगी करने वाले गैंग का किया पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार
भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी कर UPI से खाते खाली करते थे आरोपी, कई जिलों में फैला था नेटवर्क
लखनऊ। राजधानी के महिगवां थाना क्षेत्र में पुलिस और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरजनपदीय साइबर ठगी गैंग का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने गिरोह के 5 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में मोबाइल फोन, नकदी और वाहन बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मु0अ0सं0 36/2026 में दर्ज मामले के तहत की गई, जिसमें आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
बरामद हुए मोबाइल, नकदी और वाहन
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 11 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 3 की-पैड मोबाइल फोन, ₹8,358 नकद, बैंक कार्ड, आधार-पैन कार्ड, 2 सिम कार्ड बरामद किए हैं। इसके अलावा, गिरोह द्वारा इस्तेमाल की जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
ये खबर भी पढ़े : मड़ियांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता सकुशल बरामदभीड़भाड़ वाले इलाकों में करते थे वारदात
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल चोरी और झपटमारी करते थे। इसके बाद वे चोरी किए गए मोबाइलों में लगे सिम कार्डों के जरिए पीड़ितों के बैंक खातों तक पहुंच बनाकर UPI, UPI लाइट और इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से पैसे ट्रांसफर कर नकदी निकाल लेते थे।पकड़े जाने के डर से आरोपी मोबाइल फोन और सिम कार्ड को नष्ट कर देते थे ताकि कोई सबूत न बचे।
लाखों की साइबर ठगी का खुलासा
आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने महिगवां क्षेत्र में करीब ₹3.91 लाख और बीकेटी क्षेत्र में लगभग ₹4.28 लाख की साइबर ठगी की है।गिरफ्तार सभी आरोपी सीतापुर जिले के विभिन्न गांवों के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा था। कुछ आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
पुलिस की बड़ी सफलता
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट, साइबर सेल और महिगवां थाना पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित नेटवर्क और साथियों की तलाश कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
