अमीनाबाद में धर्म परिवर्तन और शादी छिपाकर संबंध बनाने का आरोप, युवक गिरफ्तार
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, पीड़िता की शिकायत पर अमीनाबाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
लखनऊ। राजधानी के अमीनाबाद थाना क्षेत्र में एक युवती की शिकायत पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने, शादीशुदा होने की बात छिपाकर शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट और गाली-गलौज के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को पीड़िता ने अमीनाबाद थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि साहिल हुसैन, निवासी सुतरखाना, मकबूलगंज (थाना कैसरबाग), ने उससे शादी की बात छिपाकर संबंध बनाए, धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बनाया तथा विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज की।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा अपराध संख्या 47/2026 दर्ज किया। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 69, 115(2), 352 तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धारा 3/5(1) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
पूछताछ में इंस्टाग्राम से पहचान की बात कबूली
ये खबर भी पढ़े : मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ग्रामीण ने किया ताजिया जुलूस मार्ग का निरीक्षणपुलिस के अनुसार, पूछताछ के लिए थाने लाए गए 21 वर्षीय साहिल हुसैन ने बताया कि उसकी पीड़िता से पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने कृत्य पर पछतावा जताते हुए गलती स्वीकार करने और माफी मांगने की बात कही।
इसके बाद अमीनाबाद पुलिस ने आरोपी को औपचारिक रूप से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया और नियमानुसार न्यायालय में पेश किए जाने सहित आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया और विवेचना के निष्कर्षों के आधार पर होगा।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
